गृह मंत्री अमित शाह बोले- बारिश से प्रभावित किसानों को हर संभव मदद देगी मोदी सरकार

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महाराष्ट्र के बारिश से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। शाह ने यह बात डॉ. विठ्ठलराव विखे पाटिल कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्री की विस्तारित क्षमता के उद्घाटन के बाद किसानों की रैली को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शिरडी स्थित साईंबाबा मंदिर में रविवार को पूजा-अर्चना की। अमित शाह के साथ राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं अजित पवार तथा अन्य लोग भी मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा, मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के साथ विस्तृत बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि जैसे ही हमें विस्तृत रिपोर्ट मिलेगी, प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र के किसानों की मदद में कोई देरी नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष की सहायता राशि में से 3,132 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिसमें अप्रैल 2025 में 1,631 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा, महाराष्ट्र सरकार ने भी 2,215 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की है, जिससे 31 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिला है। शाह ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की परेशानी कम करने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने बताया, महाराष्ट्र सरकार ने प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार को ₹10,000 नकद सहायता और 35 किलो खाद्यान्न दिया है। साथ ही कर्ज वसूली पर रोक, ई-केवाईसी नियमों में अस्थायी ढील, और राजस्व कर व स्कूल फीस में राहत दी गई है। शाह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर किसानों को हर संभव सहायता और पुनर्वास प्रदान करेंगी।
मोदी सरकार में फली-फूली चीनी सहकारी क्षेत्र- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का चीनी सहकारी क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ा है। अमित शाह ने कहा कि अब चीनी मिलें ऑफ-सीजन में मल्टी-फीड एथेनॉल उत्पादन पर जोर दें। उन्होंने बताया कि एथेनॉल मिश्रण नीति से सहकारी कारखानों की आर्थिक स्थिति सुधरी है। अमित शाह ने महाराष्ट्र के किसानों को हाल की भारी बारिश से हुए नुकसान पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया और राज्य के नेताओं की पहल की सराहना की।
शनिवार रात शाह की फडणवीस और पवार के साथ बैठक
शनिवार रात शिरड़ी पहुंचे अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे तथा अजित पवार के साथ शिरडी में बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार देर रात लगभग 45 मिनट तक चली यह बैठक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण फसलों को व्यापक पैमाने पर हुए नुकसान और प्रभावित किसानों को तत्काल वित्तीय राहत देने की आवश्यकता पर केंद्रित रही। सूत्रों ने बताया कि नेताओं ने कई विकास परियोजनाओं और प्रमुख प्रशासनिक मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की। हाल में व्यापक स्तर पर बेमौसम और अत्यधिक वर्षा के कारण कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है जिसके बाद से तत्काल सरकारी सहायता की मांग बढ़ रही है। किसानों के लिए एक बड़े राहत पैकेज की घोषणा जल्द ही किए जाने की उम्मीद है।



