क्या कफ सिरप के कारण हुईं 14 बच्चों की मौत? किडनी फेल होने पर नागपुर के डॉक्टर ने किया बड़ा दावा

देश में कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत का मामला गरमाता जा रहा है। कई प्रदेशों में कुछ खास ब्रांड के कफ सिरप पर पाबंदी लगा दी गई है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कोल्ड्रिफ कफ सिरप के इस्तेमाल के बाद 14 बच्चों की मौत की खबरों के बीच, नागपुर के कलर्स अस्पताल के निदेशक रितेश अग्रवाल साफ किया है कि छिंदवाड़ा में कफ सिरप का सेवन करने वाले बच्चों में किडनी की जटिलताओं के मुख्य कारण की पहचान नहीं की गई है।
नागपुर रेफर किए गए कुछ बच्चों के बारे में अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल में भर्ती बच्चे की हालत गंभीर थी, क्योंकि उसे गुर्दे की गंभीर समस्याएं हो गई थीं। बुखार और 24 घंटे तक पेशाब करने में असमर्थता के बाद इनमें सूजन और उच्च क्रिएटिनिन स्तर मिले थे। बच्चों को छिंदवाड़ा और नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ का अब भी डायलिसिस सहित उपचार चल रहा है। शनिवार रितेश अग्रवाल ने कहा, “हमारे पास आने वाले मरीज छिंदवाड़ा से हैं, और उनमें से एक बच्चा यहां भर्ती है। शिकायत यह थी कि बच्चे को 2-3 दिन पहले बुखार आया था, और उसके बाद, बच्चे ने 24 घंटे तक पेशाब नहीं किया। उस शिकायत के आधार पर, बच्चे को छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी, बच्चे ने पेशाब नहीं किया, इसलिए डॉक्टर ने जांच की और बच्चे के गुर्दे में सूजन मिला। उसके बाद, बच्चे को नागपुर भेज दिया गया… बच्चा गंभीर हालत में यहां पहुंचा। हमने रक्त परीक्षण किए और पाया कि बच्चे का क्रिएटिनिन और यूरिया का स्तर काफी बढ़ा हुआ था… फिर हमने यह सुनिश्चित करने के लिए कई परीक्षण किए कि गुर्दे काम कर रहे हैं, लेकिन गुर्दे तब भी काम नहीं कर रहे थे, तो हमने आगे के परीक्षण किए…” उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे की किडनी संबंधी बीमारी का कारण अब भी अज्ञात है। हालांकि बच्चा अब डायलिसिस के बाद ठीक हो गया है और पिछले कुछ दिनों से उसकी किडनी सामान्य रूप से काम कर रही है। अग्रवाल ने कहा, “हमें नहीं पता कि यह स्थिति किसी बीमारी, दवा या किसी अन्य रसायन के कारण थी… बच्चा एक कृषि क्षेत्र से है जहाँ कीटनाशकों का भारी उपयोग होता है… हमने बच्चे को इस स्थिति से उबरने में मदद करने के लिए उसका डायलिसिस किया। पिछले 5-6 दिनों से डायलिसिस की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी है। बच्चे का क्रिएटिनिन स्तर सामान्य हो गया है। अब बच्चे का मूत्र उत्पादन काफी सामान्य है… हम अभी भी मुख्य कारण की पहचान नहीं कर पाए हैं।”



