Latest newsSports
दक्षिण अफ्रीका ने रोका भारत का विजय रथ, लाउरा-क्लार्क के अर्धशतक; ऋचा की मेहनत पर फिरा पानी

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को तीन विकेट हरा दिया। गुरुवार को महिला विश्व कप का रोमांचक मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया जिसमें भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋचा घोष की 94 रनों की पारी की बदौलत 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 251 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 48.5 ओवर में सात विकेट खोकर 252 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए कप्तान लाउरा वोलवार्ड्ट ने 70 और नादिन डी क्लार्क ने नाबाद 84 रन बनाए। भारत के लिए क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए जबकि अमनजोत कौर, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट झटके। इस शिकस्त के साथ भारतीय महिला टीम का विजय रथ थम गया। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम ने श्रीलंका को 59 रन और पाकिस्तान को 88 रन से हराया था। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम चार अंक और -0.888 के नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर काबिज है। वहीं, भारतीय महिला टीम तीन में से दो जीत और एक हार के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। उसके खाते में भी चार अंक हैं और नेट रन रेट +0.959 है। शीर्ष दो स्थानों पर क्रमश: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें हैं।



