Celebrity newsLatest news

प्रियंका चोपड़ा ने न्यूयॉर्क के नए मेयर को दी बधाई, भारतीय मूल के जोहरान ममदानी की उपलब्धि को बताया ऐताहासिक

भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने इतिहास रचते हुए न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम और सबसे कम उम्र के मेयर बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि पर बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी और इस पल को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया। ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ज़ोहरान की जीत का जश्न मनाते हुए लिखा- बहुत बहुत बधाई जोहरान ममदानी जी। न्यू यॉर्क के 111वें मेयर बनने के लिए। आपने इतिहास रच दिया। बहुत बहुत शुभकामनाएं।’  इस नोट में उन्होंने जोहरान की मां और प्रसिद्ध फिल्मकार मीरा नायर को भी शुभकामनाएं दीं।
जोहरान ममदानी की जीत न सिर्फ न्यूयॉर्क सिटी के लिए बल्कि भारतीय समुदाय और मुस्लिम समाज के लिए भी गर्व का क्षण है। 34 वर्षीय जोहरान अब तक के सबसे युवा मेयर बने हैं। उन्होंने चुनाव के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उन सभी प्रवासी परिवारों की है जिन्होंने सपनों की इस धरती पर अपनी मेहनत और ईमानदारी से पहचान बनाई है।

जोहरान ममदानी का सफर
जोहरान का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उनका जन्म युगांडा के कंपाला में हुआ था। उनके पिता महमूद ममदानी एक प्रसिद्ध भारतीय मूल के विद्वान हैं, जबकि मां मीरा नायर विश्वप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक हैं। ज़ोहरान ने बचपन का कुछ समय दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में बिताया, और बाद में उनका परिवार न्यूयॉर्क सिटी में बस गया। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई न्यूयॉर्क के बैंक स्ट्रीट स्कूल से की और ब्रॉन्क्स हाई स्कूल ऑफ साइंस से उच्च शिक्षा प्राप्त की। 2014 में उन्होंने बोवडॉइन कॉलेज से ‘अफ्रिकाना स्टडीज’ में डिग्री हासिल की। राजनीति में जोहरान का कदम भी समाजसेवा की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य के रूप में कार्य करते हुए आव्रजन, शिक्षा और सामाजिक समानता के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी जमीनी छवि और युवा सोच ने उन्हें आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्ट
प्रियंका चोपड़ा द्वारा साझा किया गया संदेश अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उनके प्रशंसक और भारतीय समुदाय के लोग इस पर गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रियंका ने कई बार यह कहा है कि उन्हें भारतीयों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर बेहद गर्व होता है, और यह जीत भी उसी भावना का विस्तार है।

Related Articles

Back to top button