Latest newsSports

इस कैरिबियाई बैटर ने टेस्ट खेलने वाले 12 देशों के खिलाफ जड़े शतक; सचिन-लारा कभी ऐसा नहीं कर पाए

वेस्टइंडीज के एक दिग्गज बल्लेबाज ने इतिहास रचते हुए वह उपलब्धि हासिल कर ली, जो आज तक दुनिया के किसी महान क्रिकेटर में से कोई भी हासिल नहीं कर सका था। इस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टेस्ट खेलने वाले सभी 12 देशों के खिलाफ शतक जड़कर एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हम बात कर रहे हैं शाई होप की। न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेले गए वर्षा प्रभावित दूसरे वनडे में इस बल्लेबाज ने 69 गेंदों में नाबाद 109 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए यह इतिहास रचा। यह रिकॉर्ड तीनों प्रारूपों को मिलाकर है। | होप से पहले, भारत के पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ पहले ऐसे बल्लेबाज थे, जिन्होंने सभी 10 टेस्ट खेलने वाले देशों में जाकर टेस्ट शतक लगाया था और कुल नौ टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ शतक जड़े थे। हालांकि, उनके समय में सिर्फ 10 टेस्ट देश थे और उनके रिटायर होने के बाद अफगानिस्तान और आयरलैंड को टेस्ट खेलने वाले देश का दर्जा मिला। सचिन तेंदुलकर ने भी नौ टेस्ट देशों के खिलाफ टेस्ट शतक लगाए। लेकिन यह कारनामा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स में 12 टेस्ट-नेशंस के खिलाफ शतक, पहली बार हुआ है। इसलिए यह उपलब्धि क्रिकेट इतिहास में एक अनोखी मिसाल बन गई है।
नेपियर में आया ऐतिहासिक शतक
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। इसके बाद कैरिबियाई बल्लेबाज ने मैदान पर आते ही खेल की दिशा बदल दी। उनकी 69 गेंद पर 109 नाबाद रन की पारी में 13 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। उनकी इस पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 34 ओवर के मैच में 247/9 का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। इस शतक के साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा की बराबरी करते हुए वनडे क्रिकेट में 19 शतक पूरे कर लिए। अब उनके आगे सिर्फ क्रिस गेल हैं, जिनके नाम 25 शतक दर्ज हैं। इसका मतलब यह खिलाड़ी वेस्टइंडीज इतिहास का दूसरा सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला खिलाड़ी बन गया। इस बल्लेबाज ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वेस्टइंडीज टीम में यह दूसरा सबसे तेज खिलाड़ी बन गया जिसने 6000 वनडे रन पूरे किए। सर विवियन रिचर्ड्स ने ऐसा 141 पारी में किया था, जबकि होप को इसमें 142 पारियां लगीं।  यह भी रिकॉर्ड बताता है कि होप की निरंतरता और क्लास उच्च स्तरीय रही है। होप ने अब तक 147 वनडे मैचों की 142 पारियों में 50.80 की औसत से 6097 रन बनाए हैं। इनमें 19 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं। यह औसत और स्थिरता इन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाजों की कतार में खड़ा करती है।
न्यूजीलैंड की दमदार वापसी
हालांकि इस शानदार शतक के बावजूद वेस्टइंडीज मैच जीत नहीं सका। न्यूजीलैंड के लिए डेवोन कॉनवे ने 84 गेंद में 90 रन और रचिन रवींद्र ने 46 गेंद में 56 रन की पारी खेली और टीम के लिए मजबूत नींव रखी।इसके बाद टॉम लाथम (39)* और कप्तान मिचेल सेंटनर (34)* ने तेज पारियों से कीवी टीम को पांच विकेट से जीत दिला दी। न्यूजीलैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

Related Articles

Back to top button