Latest newsWorld news

‘तुम खुशकिस्मत हो कि मैं तुम्हारे साथ हूं…’, दिग्गज कारोबारी एलन मस्क पर राष्ट्रपति ट्रंप ने कसा तंज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अरबपति कारोबारी एलन मस्क पर तंज कसा हैं। इससे दोनों के बीच फिर तकरार बढ़ सकती है। ट्रंप ने मस्क का नाम लेते हुए कहा, तुम खुशकिस्मत हो कि मैं तुम्हारे साथ हूं। अमेरिका-सऊदी निवेश मंच पर अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने यह टिप्पणी की। इससे पहले व्हाइट हाउस में रात्रिभोज पर दोनों साथ दिखे थे, जिससे इस बात के संकेत मिल रहे थे कि उनके बीच तनाव कम हो सकता है। ट्रंप ने अपने अंदाज में कई बार दोहराया कि उन्होंने मस्क को उनके नेतृत्व वाले सरकारी दक्षता विभाग के छोटे कार्यकाल के दौरान काफी समर्थन दिया। उन्होंने कहा, क्या उन्होंने कभी इसके लिए सही से धन्यवाद किया? कुछ देर बाद उन्होंने मस्क की ओर देखकर कहा, तुम खुशकिस्मत हो कि मैं तुम्हारे साथ हूं, एलन। इसके बाद ट्रंप ने इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों के लिए कर में छूट के कदम का प्रचार किया। उन्होंने इसे मध्यम वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा, ऐसे लोग जो कार खरीदते हैं, उन्होंने कभी यह सुविधा नहीं देखी। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यम वर्ग के लोगों को कर में कटौती का मतलब भी ठीक से नहीं पता। उन्होंने मजाक में कहा, मैं भी कर में कटौती का लाभ उठाता हूं। हम सभी इसका लाभ उठाते हैं। ट्रंप ने बताया कि उनकी सरकार मध्यम वर्ग के लोगों को कर में छूट देती है, अगर वे कोई महंगी या अच्छी टेस्ला कार खरीदते हैं और इसके लिए पैसा उधार (बैंक या किसी अन्य स्रोत से ऋण) लेते हैं। इसके बाद ट्रंप फिर मस्क की ओर देखकर कहा, तुम खुशकिस्मत हो, मैं तुम्हारे साथ हूं, एलन। फिर उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, हालांकि, मैं उन्हें (मध्यम वर्ग के लोगों को) इलेक्ट्रिक के अलावा अन्य कारें खरीदने देता हूं, लेकिन ये छोटी बातें हैं। इसके कुछ घंटों बाद मस्क ने एक्स पर लिखा, ‘मैं राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करना चाहता हूं, जो उन्होंने उन्होंने अमेरिका और दुनिया के लिए किया।’ इससे पहले दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या के बाद श्रद्धांजलि सभा में ट्रंप और मस्क एक साथ नजर आए थे।

Related Articles

Back to top button