Latest newsSports

इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तानी बल्लेबाज ने खुद को जानबूझकर कराया रन आउट? अंडर-19 विश्व कप में अनोखी घटना

हरारे में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप के ग्रुप-सी मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 37 रन से हराया, लेकिन मैच का असली चर्चित हिस्सा था अंतिम विकेट का गिरना, जो इतना अजीब था कि दर्शक, कमेंटेटर और सोशल मीडिया सभी हैरान रह गए। इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 210 रन का लक्ष्य सेट किया। पाकिस्तान की पारी कप्तान फरहान यूसुफ की बेहतरीन 65 रन की पारी पर टिकी रही, लेकिन उनके आउट होते ही मैच पाकिस्तान के हाथ से फिसलता चला गया।
अंतिम ओवरों में ड्रामा और ‘ब्रेन-फेड’ मोमेंट
41वें ओवर में फरहान यूसुफ आउट हुए और पाकिस्तान मुश्किल स्थिति में पहुंचा। आखिरी उम्मीदें टिकी थीं मोमिन कमर और अली रजा पर, लेकिन 47वें ओवर में ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। अली रजा बॉल फेंके जाने के बाद अचानक क्रीज से बाहर टहलते हुए नजर आए, मानो खेल चल ही नहीं रहा हो। इसी दौरान इंग्लैंड के कप्तान और विकेटकीपर थॉमस रियू ने तेजी से गेंद पकड़कर बेल्स गिरा दीं, और अली रजा रन-आउट हो गए। रीप्ले में साफ दिखा कि रजा ने क्रीज में लौटने की कोई कोशिश नहीं की, और इस अनजाने रन-आउट ने मैच वहीं खत्म कर दिया। यह रन-आउट सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हुआ और इसे ‘कॉमिक’ और ‘ब्रेन-फेड मोमेंट’ जैसा बताया गया। फैंस और कमेंटेटर्स हैरानी जताते रहे कि विश्व कप जैसे मंच पर ऐसा कैसे हो सकता है।
कप्तान फरहान यूसुफ की प्रतिक्रिया
मैच के बाद पाकिस्तान अंडर-19 टीम के कप्तान फरहान यूसुफ ने कहा, ‘यह टूर्नामेंट बड़े स्तर का है और ऐसी गलतियां बहुत भारी पड़ती हैं।’ उन्होंने माना कि मध्यक्रम उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। इस जीत के बाद इंग्लैंड अंडर-19 टीम अब 18 जनवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ेगी, जबकि पाकिस्तान अंडर-19 टीम को 19 जनवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच खेलना है।

Related Articles

Back to top button