दुनिया भारत को बंगलूरू के नजरिए से देखती है, कर्नाटक निवेशकों की पहली पसंद

दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दौरान कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने राज्य की क्षमताओं पर बात की। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत को बंगलूरू के माध्यम से देखती है। शिवकुमार ने बताया कि कर्नाटक निवेश के लिए सबसे अच्छी जगह है और यहां काम करने का माहौल बेहतरीन है। शिवकुमार ने कहा कर्नाटक सभी सेक्टर्स के उद्योग के लिए बहुत सारे मौके देता है। उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशक टेक्नोलॉजी, हेल्थ केयर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में काफी दिलचस्पी ले रहे हैं। वैश्विक निवेशक पूरे राज्य के लिए मोबिलिटी पर हमारे काम को देख रहे हैं। निवेशक अब सिर्फ बंगलूरू ही नहीं, बल्कि राज्य के छोटे शहरों (टियर-2 और टियर-3) में भी काम करना चाहते हैं।
बंगलूरू में लगातार हो रहा विकास कार्य
शिवकुमार ने बताया कि सरकार बंगलूरू में मेट्रो, फ्लाईओवर और सुरंगों के निर्माण पर काफी पैसा खर्च कर रही है। लोगों को लगता है कि बंगलूरू सुरक्षित है, यहां प्रदूषण नहीं है और मौसम बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि देश के दूसरे हिस्सों की तुलना में कर्नाटक की अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत है।
कई देशों के नेताओं से कर रहे है मुलाकात
शिवकुमार ने कहा वह अपनी पहली दावोस यात्रा के दौरान शिवकुमार अमेरिका, यूरोप और सऊदी अरब के कई नेताओं से भी मिल रहे हैं। उन्होंने राज्य की मजबूत अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि कर्नाटक केंद्र सरकार को 43 प्रतिशत टैक्स देता है, लेकिन बदले में राज्य को कम हिस्सा मिलता है। इसके बावजूद, कर्नाटक हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।



