मुंबई में इंडिया पोस्ट ने ई-बाइक सेवा शुरू की, विशेष कवर जारी और ‘संदेश वीरों को’ अभियान लॉन्च

श्रीनिवास अय्यर – मुंबई
महाराष्ट्र सर्किल डाक विभाग ने मंगलवार को मुंबई जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें डाक कर्मियों के लिए 200 इलेक्ट्रिक बाइक सेवा की शुरुआत एवं दो विशेष डाक कवर का विमोचन और “संदेश वीरों को” पोस्टकार्ड अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस समारोह में महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस, अमिताभ सिंह, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, महाराष्ट्र सर्किल, मनोज कुमार, निदेशक डाक सेवाएं (मेल एवं व्यवसाय विकास), सिमरन कौर, निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय), रेखा रिज़वी, निदेशक, मुंबई जीपीओ और मायटीवीएस के सीईओ मधु रघुनाथन उपस्थित थे।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अमिताभ सिंह ने डाकिया एवं डाक कर्मियों के लिए 200 ई-बाइकों की शुरुआत के अवसर पर एक विशेष डाक कवर जारी किया और उसकी पहली एल्बम अमृता फडणवीस को भेंट की। उन्होंने कहा कि इंडिया पोस्ट दशकों से अंतिम छोर तक सेवा पहुंचाने की रीढ़ रहा है और मुंबई क्षेत्र में ई-बाइकों की शुरुआत से कार्यकुशलता बढ़ेगी, वितरण समय कम होगा और कर्मचारियों पर शारीरिक बोझ घटेगा, साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने 1971 के लोंगेवाला युद्ध की स्मृति में एक और विशेष डाक कवर भी जारी किया, जिसमें 23 पंजाब रेजिमेंट और भारतीय वायुसेना की 122 स्क्वाड्रन ने पाकिस्तानी हमले को विफल कर दिया था। इस कवर में आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से जुड़े दृश्य भी दर्शाए गए हैं, जो इतिहास और आधुनिक सिनेमा के बीच सेतु बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान “संदेश वीरों को” पोस्टकार्ड अभियान भी शुरू किया गया, जिसके तहत नागरिकों और छात्रों से देश के सैनिकों के लिए कृतज्ञता और समर्थन संदेश लिखने का आह्वान किया गया है। ये पोस्टकार्ड इंडिया पोस्ट के नेटवर्क के माध्यम से सैनिकों तक पहुंचाए जाएंगे।
अपने संबोधन में अमिताभ सिंह ने कहा कि जहां पारंपरिक पत्रों की संख्या घटी है, वहीं पार्सल सेवाओं में कई गुना वृद्धि हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट मोबिलिटी पहल के तहत ई-बाइकों को शामिल किया गया है।
अमृता फडणवीस ने इस पर्यावरण-अनुकूल पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और जनसेवा को मजबूत करने वाला कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मुंबई जीपीओ से ई-बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



