क्या भारत पर लगा 25% टैरिफ हटाएंगे ट्रंप? अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने किया बड़ा इशारा

अमेरिका ने भारत के साथ जारी व्यापार तनाव में नरमी के संकेत दिए हैं। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने अपने एक ताजा बयान में कहा है कि भारत पर लगा अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ हटाया जा सकता है। यह टैरिफ भारत पर रूस के तेल खरीदने के लिए लगाया गया था। स्कॉट बेसेंट ने कहा कि भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल की खरीद में खासी गिरावट आई है। ऐसे में 25 प्रतिशत टैरिफ को वापस लेने की राह खुल रही है।
अमेरिकी वित्त मंत्री का दावा- भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद में आई भारी कमी
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच कार्यक्रम से इतर मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘भारतीय रिफाइनरीज ने मॉस्को से तेल खरीद में भारी कटौती की है, जिसके बाद टैरिफ (अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ) कम होने की राह खुल गई है।’ स्कॉट बेसेंट ने कहा कि टैरिफ लगाने का फायदा मिला। बेसेंट ने कहा, ‘यह सफल रहा, 25 प्रतिशत टैरिफ अभी भी लागू है, लेकिन मुझे लग रहा है कि अब इसे वापस लेने की राह बन रही है।’



