Celebrity newsLatest news

रितेश देशमुख से लेकर पवन कल्याण तक, सिनेमा की इन हस्तियों ने डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर जताया दुख

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार को निधन हो गया। वह एक प्लेन में सफर कर रहे थे जो बारामती में क्रैश हो गया। उनके निधन से सभी को झटका लगा है। सिनेमा की कई हस्तियां उनके निधन पर दुख जता रही हैं। इसमें बॉलीवुड से लेकर साउथ के कलाकार शामिल हैं। आइए डालते हैं एक नजर। आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और एक्टर पवन कल्याण ने एक्स पर लिखा ‘आज प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की दुखद खबर से गहरा सदमा लगा है। महाराष्ट्र के लोगों के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’ रितेश देशमुख ने ट्वीट किया, ‘यह जानकर बहुत सदमा लगा और दिल टूट गया कि हमने एक हादसे में अजित दादा को खो दिया है। महाराष्ट्र के सबसे डायनामिक नेताओं में से एक, उन्हें काम में लापरवाही बिल्कुल पसंद नहीं थी और वह अपने आस-पास के लोगों को हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित करते थे। वह अपनी बात कहने में कभी हिचकिचाते नहीं थे। उनकी हाजिरजवाबी बेमिसाल थी। पूरे राज्य में उन्हें बहुत प्यार किया जाता था।’ दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने एक्स पर लिखा ‘महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार दादा के निधन से सदमे में हूं और दुखी हूं। वह बहुत सज्जन और दयालु थे! मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति!’
फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने एक्स पर लिखा ‘अजित पवार जी के अचानक निधन से बहुत सदमे में और दुखी हूं। उनका जाना एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। इस बेहद मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं सुनेत्रा जी, पार्थ, जय और पूरे पवार परिवार के साथ हैं। उन्हें हिम्मत मिले। ओमशांति।’
अजय देवगन ने लिखा ‘माननीय उप मुख्यमंत्री अजीत पवार जी के दुखद निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। उनके परिवार, प्रियजनों और इस अपार क्षति से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’

Related Articles

Back to top button