Latest newsSports

कौन बनेगा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट? रिकी पोंटिंग की भविष्यवाणी, इस भारतीय को बताया मजबूत दावेदार

टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया खिताब का बचाव करने उतरेगी। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। पोंटिंग का मानना है कि अभिषेक न सिर्फ टूर्नामेंट के टॉप रन-स्कोरर बन सकते हैं, बल्कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी जीत सकते हैं। आईसीसी रिव्यू के ताजा एपिसोड में बात करते हुए रिकी पोंटिंग ने अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आईसीसी टूर्नामेंट में अनुभव की कमी दरअसल उनके लिए एक फायदा साबित हो सकती है।पोंटिंग ने कहा, ‘वह एक स्टार हैं। ईमानदारी से कहूं तो अनुभव की कमी मुझे उनके लिए एक बड़ा पॉजिटिव लगती है। वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी जीत सकते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे लगता है वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं। अगर वह रन बनाते हैं तो भारत को हराना और भी मुश्किल हो जाएगा। अगर वह नहीं चले, तो भारत भी किसी भी टीम की तरह कमजोर नजर आ सकता है। इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए वह बेहद अहम खिलाड़ी हैं।’
IPL से लेकर वर्ल्ड कप तक: पोंटिंग का निजी अनुभव
रिकी पोंटिंग ने अभिषेक शर्मा के शुरुआती दिनों को भी याद किया, जब वह दिल्ली कैपिटल्स में उनके पहले आईपीएल कोच थे। उन्होंने बताया, ‘मैं उनका पहला आईपीएल कोच था। उन्होंने मेरे साथ ही डेब्यू किया था, शायद 17 साल की उम्र में। मुझे याद है, उन्होंने पहली ही गेंद पर गेंदबाज के सिर के ऊपर से सीधा शॉट खेला था, चार या छक्का लगाया और शॉट खेलने के बाद पोज भी रखा। तभी समझ आ गया था कि इस खिलाड़ी में कुछ खास है।’  पोंटिंग ने यह भी खुलासा किया कि वह दिल्ली कैपिटल्स द्वारा अभिषेक को ट्रेड किए जाने के फैसले के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने कहा, ‘हमने आखिर में उन्हें दिल्ली से ट्रेड कर दिया, लेकिन मैंने बार-बार कहा था- कृपया ऐसा मत कीजिए। हमें उन्हें रोकना चाहिए, क्योंकि यहां एक जबरदस्त सुपरस्टार तैयार हो रहा है। और वही हुआ, जैसा मैंने सोचा था।’
Ricky Ponting Predicts India Star Abhishek Sharma as Player of the Tournament at T20 World Cup 2026
अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप से पहले शानदार फॉर्म में हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में उन्होंने पांच मैचों में 182 रन बनाए। तीसरे मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इससे तेज अर्धशतक सिर्फ युवराज सिंह ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में लगाया था।
भारत की खिताब रक्षा में अहम कड़ी
2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके अभिषेक शर्मा अब अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। भारत को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। टीम इंडिया सात फरवरी को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने का लक्ष्य रखेगी।

Related Articles

Back to top button