‘कमाल से भी बढ़कर’, अनुपम खेर ने दिया अनिल कपूर की ‘सूबेदार’ के ट्रेलर पर रिएक्शन; फिर इस वजह से मांगी माफी

अनिल कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘सूबेदार’ को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों रिलीज हुए इसके टीजर को अच्छा रेस्पॉन्स मिला था। अब दर्शक फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। आधिकारिक रूप से ट्रेलर अभी रिलीज नहीं हुआ है। मगर, अनिल कपूर ने अपने जिगरी दोस्त और एक्टर अनुपम खेर को ट्रेलर हाल ही में दिखाया। इसे देख अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर रिएक्शन शेयर किया है।
‘आपने जो किया, वह कमाल से भी बढ़कर’
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अनिल कपूर के अभिनय की जमकर तारीफ की है। मगर, बाद में वे माफी मांगते दिखे हैं। 69 वर्षीय अनिल कपूर का काम देख अनुपम खेर हैरान रह गए हैं। उन्होंने लिखा है, ‘मेरे प्यारे अनिल। आपने मुझे अपनी फिल्म ‘सूबेदार’ का ट्रेलर दिखाया, जो अभी आधिकारिक तौर पर रिलीज भी नहीं हुआ है। इसे देख मैं इतना चौंक गया हूं कि, मुझे तुरंत अपना रिएक्शन कैमरे पर दिखाना पड़ा। आपने एक बार फिर जो किया है, वह कमाल से भी बढ़कर है’।
‘आप हमेशा चौंकाते हैं’
अनुपम खेर ने आगे लिखा है, ‘हर फिल्म के साथ आपको खुद को नए तरीके से पेश करते देखना बहुत इंस्पायरिंग लगता है। जब हमें लगता है कि हमने अनिल कपूर का बेस्ट देख लिया है, तो आप एक नए शेड, एक नई रिदम, अपनी आंखों में एक नई आग के साथ आते हैं। ट्रेलर शानदार है। पावरफुल। लेयर्ड और आपकी परफॉर्मेंस में वह अनोखी इंटेंसिटी है। एक न्यूकमर की भूख और एक मास्टर का क्राफ्ट। यह कॉम्बिनेशन दुलर्भ है’। एक्टर ने आगे लिखा है, ‘कपूर साब, मैं आपकी सबसे ज्यादा तारीफ इसलिए करता हूं, क्योंकि आप कभी सेटल नहीं होते। आप अपनी लेगेसी पर निर्भर नहीं रहते। आप इसे बार-बार बनाते हैं। नए तरीके से पेश आना आपके लिए कोई स्ट्रेटेजी नहीं है, यह आपका नेचर बन गया है। एक साथी एक्टर और एक ऐसे इंसान के तौर पर जो आपको कैमरे के अलावा जानता है, मुझे आप पर गर्व है। आपके सफर पर गर्व है। आपकी हिम्मत पर गर्व है। तो यह उस जुनून के लिए है, जो पुराना होने से मना करता है। एक जबर्दस्त ट्रेलर के लिए पूरी कास्ट और क्रू को बधाई! प्यार और तारीफ के साथ। अनुपम’। एक्टर ने आगे लिखा है, ‘सॉरी! अगर मैं ट्रेलर के ऑफिशियल रिलीज से पहले अपने विचार रखने का प्रोटोकॉल तोड़ रहा हूं’। बता दें कि ‘सूबेदार’ 5 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।



