Latest newsWorld news

भारत–ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहभागिता को मुंबई में नई मजबूती

सीताराम मेवाती l मुंबई

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज (AIAI) और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में ऑस्ट्रेलिया इंडिया बिजनेस काउंसिल (AIBC) के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उच्चस्तरीय संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संवाद में द्विपक्षीय व्यापार विस्तार, निवेश सहयोग और उभरते क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ावा देने पर व्यापक चर्चा हुई।

  ऑस्ट्रेलिया इंडिया बिजनेस काउंसिल के नेशनल चेयर श्री दीपक राज गुप्ता OAM ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही देशों की अर्थव्यवस्था में लघु और मध्यम उद्यम (SMEs) की अहम भूमिका है और परिषद इन उद्यमों को सहयोग देने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि 20 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई व्यापार प्रतिनिधिमंडल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कानून, खेल, लॉजिस्टिक्स, प्रौद्योगिकी और वित्त जैसे विविध क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करता है।

  श्री गुप्ता ने कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत विनिर्माण, शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल, कौशल विकास और मानव संसाधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग सतत आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि प्रौद्योगिकी सहयोग के साथ-साथ लोगों के बीच संपर्क (पीपल-टू-पीपल एंगेजमेंट) दीर्घकालिक साझेदारी की मजबूत नींव बनेगा।

  इस अवसर पर ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई के चेयरमैन डॉ. विजय कलांत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्थाओं में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 50 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार को अगले पांच वर्षों में 100 अरब डॉलर तक ले जाने की पूरी संभावना है। उन्होंने भारत–ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ECTA) से भारतीय निर्यातकों को मिलने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला।

  डॉ. कलांत्री ने ब्लू इकॉनॉमी, समुद्री सेवाओं, खनन, विशेष रूप से लिथियम जैसे क्रिटिकल मिनरल्स, शिक्षा, हाइड्रोजन और हरित ऊर्जा में सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई और ऑस्ट्रेलिया इंडिया बिजनेस काउंसिल के बीच व्यापार और निवेश सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कैप्टन सोमेश बत्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Related Articles

Back to top button