राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक को बताया सच्चा देशभक्त, कहा- नफरत के खिलाफ खड़े होकर पेश की नई मिसाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त बताया है। राहुल ने कहा कि दीपक ने नफरत के खिलाफ डटकर कमजोर की रक्षा की और इससे बड़ी देशभक्ति कोई नहीं हो सकती। दीपक उस समय चर्चा में आए जब उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का विरोध किया, जो कथित तौर पर एक मुस्लिम दुकानदार को परेशान कर रहे थे। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दीपक कुमार और उनके मित्र विजय रावत के साथ मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि देश में करोड़ों लोगों के दिल में प्रेम और सौहार्द की भावना है, लेकिन मन में डर भी है। दीपक ने अपने साहस से लोगों को रास्ता दिखाया है। जो लोग नफरत फैलाते हैं और समाज को डराते हैं, वे कायर हैं। उनसे डरने की जरूरत नहीं है। राहुल ने कहा कि दीपक ने तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। यह घटना 26 जनवरी की है। कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित ‘बाबा’ नाम की कपड़ों की दुकान के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि 70 वर्षीय दुकानदार वकील अहमद को दुकान का नाम बदलना चाहिए। इसी दौरान झड़प हुई। दुकानदार के बेटे के मित्र दीपक कुमार ने हस्तक्षेप किया और खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हुए प्रदर्शनकारियों का सामना किया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।



