इस साल अगस्त में खेले जाएंगे दो मुकाबले, 22 साल बाद डार्विन में होगा टेस्ट मैच

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए अगस्त 2026 बेहद अहम रहने वाला है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश अगस्त में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। 2003 के बाद यह पहला मौका होगा जब बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलेगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दोनों टेस्ट मैचों के लिए वेन्यू की घोषणा कर दी है। दोनों टेस्ट नई जगहों पर खेले जाएंगे। मैच डार्विन के मारारा स्टेडियम और मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, ‘हम उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट लाकर बहुत खुश हैं। बांग्लादेश के खिलाफ एक शानदार टेस्ट सीरीज का हम इंतजार कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हम खुशकिस्मत हैं कि अगस्त में वर्ल्ड क्लास सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यह पक्का होगा कि गर्मियों के अलावा हमारे पास टेस्ट क्रिकेट के लिए एक और मौका है।’ डार्विन में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच सीरीज का पहला टेस्ट (13 से 17 अगस्त) खेला जाएगा। इसका मारारा स्टेडियम 22 साल बाद किसी टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। इससे पहले यहां जुलाई 2004 में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच पिछला टेस्ट खेला गया था। बांग्लादेश की टीम भी डार्विन में 2003 में एक टेस्ट खेल चुकी है। वहीं, ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में दूसरा टेस्ट (22 से 26 अगस्त) खेला जाएगा। इस वेन्यू का यह पहला टेस्ट मैच होगा। इस स्टेडियम में पुरुषों के सिर्फ वनडे मैच खेले गए हैं। वहीं महिला टीम के तीन वनडे और दो टी20 आयोजित किए गए हैं।



