देश के दो प्रमुख शहरों दिल्ली और बंगलूरू में गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसका असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
यात्रियों के लिए एडवाइजी जारी
इंडिगो ने यात्रियों को सतर्क करते हुए बताया है कि खराब मौसम के कारण उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में हल्की देरी हो सकती है। एयरलाइन ने कहा है कि उनकी टीमें स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार हैं, लेकिन मौसम की वजह से संचालन की रफ्तार कुछ धीमी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। एयर इंडिया ने बताया कि दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है, जिससे दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें और ट्रैफिक में संभावित देरी को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। वहीं, स्पाइसजेट ने जानकारी दी है कि लेह में खराब मौसम के कारण सभी आगमन और प्रस्थान उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। इसके चलते संबंधित कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर भी असर पड़ने की संभावना है। एयरलाइन ने यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति लगातार चेक करने की सलाह दी है।