‘धुरंधर 2’ के रिलीज होने से पहले जो लोग 18 मार्च को पेड प्रीव्यू देखने गए थे, उन्हें कुछ मुसीबतों का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से थिएटर में हंगामा मच गया। दरअसल, नोएडा के PVR सुपरप्लेक्स, मॉल ऑफ इंडिया में रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के पेड प्रिव्यू शो बीच में ही रद्द कर दिए गए। इससे दर्शक काफी नाराज और परेशान हो गए, और मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को भी बुलाना पड़ा।
‘टेक्निकल ग्लिच’ बताया शो रद्द करने का कारण
दर्शकों को बताया गया कि ‘टेक्निकल गड़बड़ी’ है, लेकिन फिल्म कब दोबारा शुरू होगी या होगी भी या नहीं, इस बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दी गई, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। कई दर्शकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि उन्होंने आधी ही फिल्म देखी थी और उसके बाद उन्हें लगातार इंतजार करना पड़ा। जैसे-जैसे स्थिति बिगड़ती गई, कई दर्शकों ने थिएटर स्टाफ पर खराब मैनेजमेंट के आरोप लगाए। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पीवीआर पर गुस्सा जाहिर किया। घंटों तक कोई समाधान नहीं मिलने पर मल्टीप्लेक्स का माहौल और गर्म हो गया। लोगों ने ‘हाय हाय पीवीआर’ के नारे लगाए और फिल्म दिखाने की मांग करने लगे। भीड़ को बढ़ता देख थिएटर स्टाफ ने पुलिस बुला ली। आखिरकार, जब दर्शकों ने नए शो चलाने का विरोध किया, तो थिएटर ने सभी स्क्रीनिंग बंद कर दी और लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। कई लोगों को पुलिस की निगरानी में बाहर ले जाया गया।