दुष्कर्म मामले में स्वंयभू बाबा अशोक खरात पर सीएम फडणवीस सख्त, एसआईटी जांच में जुटी पुलिस

महाराष्ट्र में खुद को बाबा बताने वाले आरोपी पर लगे दुष्कर्म के आरोप ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच सख्ती से आगे बढ़ेगी। नासिक पुलिस ने अशोक खरात नाम के एक स्वयंभू बाबा को एक महिला की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने 35 वर्षीय महिला के साथ तीन साल तक कई बार दुष्कर्म किया। फडणवीस ने बताया कि इस मामले की जांच अब उच्च स्तर पर की जा रही है और डीजीपी खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। यह टीम नासिक पुलिस के साथ मिलकर पूरे मामले की तह तक जाएगी। फडणवीस ने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर यह मामला सामने आया और अब हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास कोई सबूत है, वे आगे आएं और पुलिस की मदद करें। बिना कारण राजनीति करना इस मामले को कमजोर कर सकता है।



