कहां खो गया विश्वकप हीरो सैमसन का फॉर्म? कोच फ्लेमिंग ने किया बचाव, ऋतुराज ने हार की जिम्मेदारी ली

आईपीएल 2026 में संजू सैमसन का खराब फॉर्म जारी है। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए वह लगातार तीसरे मैच में भी सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हो गए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 251 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन सिर्फ नौ रन ही बना सके। यह वही बल्लेबाज हैं जिन्होंने हाल ही में टी20 विश्वकप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन आईपीएल में उनकी लय पूरी तरह गायब नजर आ रही है। सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने सैमसन का बचाव करते हुए कहा, ‘जब आप लंबे समय तक किसी एक फ्रेंचाइजी के साथ रहते हैं, तो नई टीम में ढलना आसान नहीं होता। भले ही वह खुद को सहज महसूस कर रहे हों, लेकिन टीम से जुड़ाव बनने में थोड़ा समय लगता है। वह अभी इस टीम के साथ तालमेल बैठाने की प्रक्रिया में हैं, और टीम में भी कई बदलाव हुए हैं, इसलिए यह पूरी तरह से सेटअप नहीं है।’फ्लेमिंग ने आगे कहा, ‘हम मैदान के बाहर भी काम कर रहे हैं ताकि टीम के बीच तालमेल मजबूत हो सके। वह पूरी तरह फिट हैं और रन बनाने के लिए उत्सुक हैं, जैसे ऋतुराज और बाकी सीनियर खिलाड़ी हैं।’ उन्होंने सैमसन के समर्थन में यह भी जोड़ा, ‘टी20 क्रिकेट तेजी से बदलता है। हमने वर्ल्ड कप में देखा कि एक बल्लेबाज जब लय में आता है, तो कितना खतरनाक हो सकता है। सैमसन भी वैसे ही खिलाड़ी हैं। हमारी तरफ से उन्हें पूरा समर्थन और भरोसा मिलेगा।’ मैच की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। हालांकि, आरसीबी की पारी के 15 ओवर तक सीएसके ने मुकाबले में पकड़ बनाए रखी थी, लेकिन आखिरी पांच ओवरों में 97 रन लुटा दिए। टिम डेविड और कप्तान रजत पाटीदार ने मिलकर सीएसके के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 97 रन जोड़े।



