गूगल ने भारत में 48.37 करोड़ विज्ञापन हटाए, बंद किए 17 लाख खाते

प्रौद्योगिकी दिग्गज गूगल ने 2025 में भारत में नियमों का उल्लंघन करने वाले 48.37 करोड़ विज्ञापनों को ब्लॉक कर दिया या हटा दिया और 17 लाख विज्ञापनदाता खातों को बंद किया। कंपनी ने यह कार्रवाई अपने एआई प्लेटफॉर्म ‘जेमिनी’ की मदद से की। गूगल की ‘2025 ऐड्स सेफ्टी रिपोर्ट’ के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कंपनी ने पिछले वर्ष 8.3 अरब से अधिक बुरे विज्ञापनों को हटाया और 2.49 करोड़ विज्ञापनदाता खातों को निलंबित किया। कंपनी ने बताया कि जेमिनी एआई मॉडल के इस्तेमाल से संदिग्ध और धोखाधड़ी वाले विज्ञापनों की पहचान करने की क्षमता में काफी सुधार हुआ है। खासतौर पर ऐसे समय में, जब ठग बड़े पैमाने पर भ्रामक विज्ञापन बनाने के लिए जनरेटिव एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। गूगल के मुताबिक, हटाए गए 8.3 अरब विज्ञापनों में से 99 फीसदी से अधिक विज्ञापन यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही रोक दिए गए।



