BCCI बना रहा 30-35 खिलाड़ियों का बड़ा पूल; क्या श्रेयस भी संभालेंगे कप्तानी?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अब टी20 क्रिकेट के लिए नई रणनीति पर काम कर रहा है। बढ़ते इंटरनेशनल शेड्यूल और खिलाड़ियों की भरमार को देखते हुए बोर्ड 30-35 खिलाड़ियों का एक बड़ा पूल तैयार करने की योजना बना रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर एक साथ दो टी20 टीम उतारी जा सके। अगर दो टी20 टीम बनती है तो श्रेयस अय्यर भी कमान संभालने की दौड़ में आ सकते हैं। इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह आने वाले समय में शेड्यूल का टकराव है। एशियन गेम्स और भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज एक ही समय पर होने की संभावना है। ऐसे में चयनकर्ताओं को दो अलग-अलग टीमें मैदान में उतारने पर विचार करना पड़ रहा है। एक बीसीसीआई अधिकारी ने एनडीटीवी से कहा, ‘एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज एक ही समय पर होने वाली हैं। इसलिए हमें दो टी20 टीमों के बारे में सोचना होगा। अब यह जरूरी हो गया है कि हमारे पास 30-35 खिलाड़ियों का ऐसा पूल हो, जिन्हें किसी भी समय इंटरनेशनल मैच के लिए चुना जा सके।’



