केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल न्यूजीलैंड दौरे पर हैं। आज दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने हैं। इससे पहले प्रमुख व्यापारिक संगठन- एसोचैम ने सोमवार को भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद (आईएनजेडबीसी) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के तहत व्यापार को बढ़ावा देगा।
FTA पर आज दिल्ली में होने हैं हस्ताक्षर
दोनों देशों के वाणिज्य मंत्रालयों के अधिकारियों की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में किया गया है। भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्री गोयल ने न्यूजीलैंड के मंत्री टॉड मैक्क्लॉय के साथ इस अहम बैठक में भाग लिया।
समझौते के बाद भारत से निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच एफटीए 22 दिसंबर, 2025 को रिकॉर्ड नौ महीनों में संपन्न हुआ था। यह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा। वर्तमान व्यापार वस्तुओं में 1.3 अरब डॉलर और सेवाओं में 634 करोड़ डॉलर है। दोनों देश अगले पांच वर्षों में इसे 5 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखते हैं। न्यूजीलैंड में 3 लाख भारतीय प्रवासी इस साझेदारी को मजबूत करते हैं। यह समझौता भारत के निर्यात के लिए न्यूजीलैंड में 100 फीसदी शुल्क-मुक्त पहुंच प्रदान करता है। इसमें अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता भी शामिल है। एसोचैम के महासचिव सौरभ सान्याल के अनुसार, भारत के वस्त्र, फार्मास्यूटिकल्स और मशीनरी निर्यात में वृद्धि होगी। भारत का सेवा क्षेत्र, विशेषकर सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय सेवाएं, न्यूजीलैंड में लाभ उठाएगा।