Latest newsWorld news

जेलेंस्की का सवाल- कब तक चलेगी पुतिन की मनमानी? बिजली-पानी पर भी संकट

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर ड्रोन हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर कड़ा दबाव बनाने और समन्वित प्रतिबंध लगाने की अपील की है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि रूस ने रातभर में 210 ड्रोन हमले किए, जिनमें से करीब 140 शाहेद ड्रोन थे। इन हमलों का निशाना आवासीय क्षेत्र, ऊर्जा ढांचा और महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाएं रहीं। उन्होंने कहा कि ओडेसा में आवासीय इमारतों पर हुए हमलों में आग लग गई, जिससे पांच लोग घायल हो गए। वहीं, क्रिवी रिह में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है। इसके अलावा सूमी और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में भी हमले किए गए।

ऊर्जा और रेलवे नेटवर्क पर हमला
जेलेंस्की ने बताया कि खार्किव क्षेत्र में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाया गया, जिसमें ट्रैक्शन सबस्टेशन प्रभावित हुए। कई रेल डिब्बों में आग लग गई और हजारों परिवारों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उन्होंने कहा कि रूस लगातार यूक्रेन के ऊर्जा सेक्टर, नागरिक सुविधाओं और महत्वपूर्ण ढांचे को निशाना बना रहा है। जेलेंस्की ने कहा कि इस तरह के लगातार हमले यह साबित करते हैं कि रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाना बेहद जरूरी है ताकि यूरोप की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सख्त प्रतिबंधों की मांग
उन्होंने कहा कि प्रतिबंध नीति को और मजबूत करने की जरूरत है और सभी सहयोगी देशों को अपने प्रतिबंधों को एक साथ लागू करना चाहिए। जेलेंस्की ने कहा कि रूस की आर्थिक और सैन्य क्षमता को सीमित करना जरूरी है ताकि युद्ध को आगे बढ़ने से रोका जा सके। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने साफ कहा कि अगर रूस स्वेच्छा से कूटनीति के रास्ते पर नहीं आता, तो उसे मजबूर करना होगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यूक्रेन शांति के लिए किसी भी सम्मानजनक और प्रभावी प्रक्रिया में काम करने के लिए तैयार है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बातचीत के बाद संभावित संघर्ष विराम की चर्चा तेज हो गई है। जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि यूक्रेन एक स्थायी और वास्तविक शांति चाहता है, न कि अस्थायी समझौता।

Related Articles

Back to top button