अशोक खरात की बढ़ी मुश्किलें, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कस्टडी के लिए ED की विशेष अदालत में याचिका

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई की एक विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में स्वयंभू बाबा अशोक खरात की कस्टडी के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है। खरात दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोपों का सामना कर रहे हैं और वर्तमान में नासिक जिले की पुलिस हिरासत में हैं। ईडी ने छह अप्रैल को खरात के खिलाफ पीएमएलए के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह मामला नासिक पुलिस द्वारा ‘तांत्रिक’ के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर आधारित है, जिसमें उस पर जबरन वसूली, धार्मिक हेरफेर और कई महिला पीड़ितों पर नशीली दवाओं के ज़रिए हमला करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पीएमएलए अदालत दो मई को एजेंसी की कस्टडी की याचिका पर सुनवाई करेगी। खरात के खिलाफ महिलाओं से दुष्कर्म और यौन शोषण से संबंधित कई एफआईआर भी दर्ज हैं। उत्तर महाराष्ट्र के नासिक पुलिस ने 18 मार्च को उन्हें गिरफ्तार किया था, जब एक विवाहित महिला ने तीन साल से अधिक समय तक बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शुक्रवार को नासिक की एक अदालत ने पुणे के एक व्यवसायी से पांच करोड़ की धोखाधड़ी के एक मामले में खरात को चार मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था।



