Celebrity newsLatest news

रकुल प्रीत ने किया नेशनल पार्क में नियमों का उल्लंघन? सामने आया अधिकारियों का बयान; जानें वायरल वीडियो का सच

रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में फिल्म की रिलीज से पहले फिल्म की कास्ट गिर नेशनल पार्क पहुंची। यहां उन्होंने जंगल सफारी का आनंद उठाया। इस दौरान रकुल प्रीत सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसमें रकुल प्रतिबंधित एरिया में सरकारी कार के पास टहलती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कई लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि रकुल के रेस्ट्रिक्टेड एरिया में घूमने की इजाजत कैसे मिल गई? लोगों ने इस नियमों का उल्लंघन बताते हुए रकुल को ट्रोल भी किया। अब इस मामले पर गिर नेशनल पार्क के अधिकारियों की ओर से बयान जारी किया गया है।

रकुल ने नहीं किया किसी नियम का उल्लंघन
नेशनल पार्क के अधिकारियों ने इस वीडियो पर स्पष्टीकरण जारी किया है। आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘हमने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस वीडियो के संबंध में स्पष्टीकरण जारी कर दिया है। हमने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार (एंट्री गेच) के बाहर का है। हर जगह वहां संरक्षित क्षेत्र में आने वाले लोगों के लिए एक निर्धारित एंट्री गेट होता है। वायरल वीडियो उस प्रवेश द्वार के बाहर शूट किया गया था। इसलिए हमने स्पष्ट किया है कि यह घटना रेस्ट्रिक्टेड एरिया के अंदर नहीं घटी है और किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ है। सेंक्चुरी (अभयारण्य) के अंदर आने के बाद, किसी को भी अपनी सफारी गाड़ी से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। वायरल वीडियो में एक्ट्रेस एंट्री गेट के बाहर दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद वह चली गईं और फिर वापस लौट आईं।’

15 मई को रिलीज होगी ‘पति पत्नी और वो दो’
आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी स्टारर ‘पति पत्नी और वो दो’ एक कॉमेडी ड्रामा है। यह 2019 में आई फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल है। हालांकि, मेन किरदार का नाम वही है, बाकी कहानी अलग होने की संभावना है। पहले यह फिल्म होली के दौरान 4 मार्च को रिलीज होने वाली थी। लेकिन फिल्म को आगे बढ़ा दिया गया। अब ‘पति पत्नी और वो दो’ 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है।

Related Articles

Back to top button