पाकिस्तान-बांग्लादेश से सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का एलान; मार्श कप्तान

आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस से मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बाहर होते ही ऑस्ट्रेलियाई टीम का एलान हो गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज और मई-जून 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा की है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए खेल रहे मिचेल मार्श दोनों ही फॉर्मेट में टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क को आराम दिया गया है। वनडे टीम में बिली स्टैनलेक और राइली मेरेडिथ की वापसी हुई है। ओली पीक, लियाम स्कॉट और जोएल डेविस को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। पीक को सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है, जबकि स्कॉट को बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह दी गई है। जोएल डेविस बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे। आईपीएल 2026 में खेल रहे ट्रेविस हेड, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस और जेवियर बार्टलेट बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में पीक, स्टैनलेक, मेरेडिथ और मैट शॉर्ट की जगह लेंगे। वनडे फॉर्मेट से संन्यास ले चुके ग्लेन मैक्सवेल को टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है।



