ठाणे स्टेशन के पास लगी भीषण आग; फायरमैन और सिक्योरिटी गार्ड की मौत, दो अन्य घायल

महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक फायरमैन और एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई, जबकि दो अन्य दमकलकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 3:45 बजे गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में लगी। आग लगने के बाद दमकल विभाग ने ब्रिगेड कॉल घोषित किया, जिसका मतलब है कि स्थिति पर काबू पाने के लिए फायर विभाग के अधिकतम संसाधनों को मौके पर लगाया गया। बाजार में कपड़ों, सब्जियों और फलों की कई दुकानें मौजूद थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।



