Latest newsPodcast

‘पापा आपके कुशल-मजबूत भारत का सपना मैं पूरा करूंगा’, राजीव गांधी को याद कर भावुक हुए राहुल

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज यानी 21 मई को पुण्यतिथि है। इस मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘पापा, आपने जिस कुशल, समृद्ध और मजबूत भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी मैं पूरी करूंगा। आपकी सीख, आपके संस्कार और आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।’

पीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी 
पूरा देश आज राजीव गांधी को याद कर रहा है और अपनी श्रद्धांजलि दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें नमन किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन।’ 

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी
इससे पहले, राजधानी दिल्ली में स्थित उनकी समाधि ‘वीर भूमि’ पर आज सुबह एक प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। यहां कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वीर भूमि पहुंचकर उन्हें नमन किया और समाधि पर फूल चढ़ाए। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बता दें कि, राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने 31 अक्टूबर 1984 से 2 दिसंबर 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की। 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या कर दी गई थी।

Related Articles

Back to top button