आरोही देशपांडे बनीं IIT प्रवेश परीक्षा फीमेल टॉपर, पालघर की खाड़ी में मिलीं हजारों मृत मछलियां

पुणे की रहने वाली आरोही देशपांडे ने आईआईटी प्रवेश परीक्षा में छात्राओं की श्रेणी में देश भर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस शानदार कामयाबी पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें बधाई देते हुए ‘महाराष्ट्र का गौरव’ बताया है। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आरोही की कड़ी मेहनत और प्रतिभा ने पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। गौरतलब है कि इस साल दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक लाकर ऑल इंडिया टॉप किया है, जबकि दिल्ली जोन से ही आने वाली आरोही देशपांडे ने 280 अंक हासिल कर छात्राओं में देश भर में पहला (ऑल इंडिया रैंक 77) स्थान पाया है।
पालघर की खाड़ी में मिलीं हजारों मृत मछलियां, प्रदूषण या भीषण गर्मी की आशंका
महाराष्ट्र के पालघर जिले में सतपाटी-मुरबे खाड़ी के किनारे सोमवार दोपहर को अचानक हजारों की संख्या में मछलियां मृत पाई गईं। सतपाटी डांडा पाडा गांव के पास ‘छोट बोई’, ‘पोफल’ और ‘साल्पा’ जैसी प्रजातियों की मछलियों को तैरता देख स्थानीय मछुआरों और निवासियों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। अधिकारियों को आशंका है कि इस सामूहिक मौत की वजह या तो रिकॉर्ड तोड़ गर्मी है या फिर तारापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट से निकलने वाला जहरीला केमिकल। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) के अधिकारियों के मुताबिक, पानी और मछलियों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।



