केजरीवाल ने केंद्र को घेरा, कहा-रूस और ईरान से सस्ता तेल क्यों नहीं खरीद रहे पीएम मोदी?

ईंधन के बढ़ते दामों पर आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए पीएम मोदी पर सवाल दागा है। उन्होंने कहा कि ऐसी क्या मजबूरी है कि तेल के दाम फिर बढ़ गए हैं। हम फिर भी रूस और ईरान से सस्ता तेल नहीं खरीद रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि आज फिर उन्होंने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए। पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम साढ़े सात से आठ रुपए तक बढ़ गए हैं। रूस और ईरान हमें सस्ता और पर्याप्त मात्रा में तेल बेचने को तैयार हैं। लेकिन हम उनसे क्यों नहीं खरीद रहे हैं? मैंने आपसे दो तीन दिन पहले पूछा था कि क्या हमारे देश को रूस और ईरान से तेल खरीदना चाहिए? तब 97 प्रतिशत लोगों ने कहा कि हां हमें खरीदना चाहिए।बता दें कि सरकारी तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं। इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने इस पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से पूछा कि जब कंपनियां इतना बड़ा मुनाफा कमा रही हैं, तो आम जनता पर यह बोझ क्यों डाला जा रहा है? मनीष तिवारी ने आंकड़ों के साथ सोशल मीडिया पर लिखा कि तीन सरकारी तेल कंपनियों ने साल 2025-26 में कुल 77,280.65 करोड़ रुपये का भारी मुनाफा कमाया। यह पिछले साल से 130 प्रतिशत ज्यादा है। इसी साल जनवरी से मार्च 2026 के बीच, जब इस्राइल-अमेरिका और ईरान के तनाव के कारण दुनिया में संकट था, तब भी इन कंपनियों ने 19,470 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। यह पिछले साल से 40 प्रतिशत ज्यादा है। तिवारी ने पूछा कि जब कंपनियां इतने फायदे में हैं, तो हर दिन चुपके-चुपके दाम क्यों बढ़ाए जा रहे हैं?



