Latest newsSports

दो विकेट लेते ही इतिहास रचेंगे भुवनेश्वर, ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज होंगे; बुमराह भी आसपास नहीं

आईपीएल के 19वें सीजन (आईपीएल 2026) का धमाकेदार आगाज शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेले जाने वाले मैच से होगा। मुकाबला आरसीबी के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास इस मैच इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।

सनराइजर्स के खिलाफ रिकॉर्ड बनाने का मौका
एसआरएच के खिलाफ होने वाले मुकाबले में दो विकेट लेते ही भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर में 200 विकेट पूरे हो जाएंगे। ऐसा करते ही भुवी आईपीएल के इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बनेंगे, वहीं ओवरऑल दूसरे गेंदबाज होंगे। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम है। चहल ने अपनी बेहतरीन लेग स्पिन की बदौलत 2013 से 2025 के बीच खेले 174 मैचों की 172 पारियों में 221 विकेट लिए हैं। चहल पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। भुवनेश्वर कुमार आईपीएल इतिहास के दूसरे सफलतम गेंदबाज हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 2011 से 2025 के बीच 190 मैचों की 190 पारियों में 198 विकेट लिए हैं। केकेआर के स्पिनर सुनील नरेन तीसरे स्थान पर हैं। 2012 से 2025 के बीच नरेन ने 189 मैचों की 187 पारियों में 192 विकेट लिए हैं। नरेन के पास भी इस सीजन 200 विकेट पूरे करने का मौका है। पीयूष चावला ने 2008 से 2024 के बीच 192 मैचों की 191 पारियों में 192 विकेट लिए हैं। पीयूष अब आईपीएल का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, अश्विन 187 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं। अश्विन भी आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं।
बुमराह छठे स्थान पर
आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष पांच गेंदबाजों में भुवनेश्वर अकेले तेज गेंदबाज हैं। बाकी के चार स्पिनर हैं। लीग के छठे सफल गेंदबाज मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह हैं। दाएं हाथ के इस घातक तेज गेंदबाज ने 2013 से 2025 के बीच 145 मैचों में 183 विकेट लिए हैं। बुमराह शानदार फॉर्म में हैं और वह भी इस सीजन अपने 200 विकेट पूरे कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button