Latest newsSports

पहले दिन का खेल बारिश के कारण जल्द समाप्त, रूट-ब्रूक ने इंग्लैंड को संभाला; स्कोर 200 के पार

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच सिडनी में खेला जा रहा पांचवें एशेज टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल बारिश के कारण जल्द समाप्त करना पड़ा। इंग्लैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में तीन विकेट पर 211 रन बनाए हैं। स्टंप्स के समय हैरी ब्रूक 78 और जो रूट 72 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए फिलहाल मिचेल स्टार्क, माइकल नेसर और स्कॉट बोलैंड को एक-एक विकेट मिले हैं।
दोनों टीमों ने किए एक-एक बदलाव
इससे पहले, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग-11 में एक-एक बदलाव किए। इंग्लैंड ने इस मैच के लिए गस एटकिंसन की जगह मैथ्यू पॉट्स को एकादश में शामिल किया। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में झाई रिचर्ड्सन की जगह ब्यू वेबस्टर को मौका मिला है।
इंग्लैंड की खराब शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 57 रन के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए। मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड टीम को पहला झटका दिया। स्टार्क ने बेन डकेट को एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया जो 24 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद माइकल नेसर ने जैक क्राउली को एलबीडब्ल्यू आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। क्राउली 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर स्कॉट बोलैंड ने जैकब बेथेल को अपना निशाना बनाया और कैरी के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। बेथेल 10 रन बनाकर आउट हुए। शुरुआती झटके लगने के बाद रूट और ब्रूक ने इंग्लैंड की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने सधी हुई बल्लेबाजी की और जिम्मेदारी से पारी आगे बढ़ाई। रूट और ब्रूक के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 154 रनों की साझेदारी पूरी हो गई है। रूट और ब्रूक की अच्छी साझेदारी के बीच खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा और टी ब्रेक की घोषणा जल्द कर दी गई। मैच हालांकि इसके बाद शुरू नहीं हो सका। खराब रोशनी के बाद बारिश ने मैच में रुकावट डाली और तमाम कोशिशों के बावजूद दिन का खेल फिर शुरू नहीं हो सका जिस कारण स्टंप्स की घोषणा कर दी गई। रूट और ब्रूक की नजरें अब दूसरे दिन साझेदारी को और मजबूत करने पर टिकी होंगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की कोशिश इस साझेदारी को तोड़ने की होगी।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बॉन्डी बीच पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के सदस्यों के साथ ग्राउंड पर सभी मौजूद सभी लोगों ने इस हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्क्रीन पर बॉन्डी बीच गोलीबारी हमले के पीड़ितों के नाम भी दिखाए गए।

Related Articles

Back to top button