अमिताभ बच्चन नहीं; अनुपम खेर बनेंगे जटायु की आवाज; नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का हिस्सा बने एक्टर

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ इस साल की बहु प्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। कई बड़े दिग्गज सितारों से सजी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, साई पल्लवी सीता माता की भूमिका में नजर आएंगी। अनुपम खेर भी फिल्म का हिस्सा हैं।
अनुपम खेर की ‘रामायण’ में एंट्री
फिल्म ‘रामायण’ में यश को रावण की भूमिका में देखा जाएगा। रवि दुबे को लक्ष्मण की भूमिका में देखा जाएगा। इनके अलावा अभिनेता अनुपम खेर भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया गया है। इसमें लिखा है, ‘अनुपम खेर ने फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है’।
जटायु की आवाज बनेंगे एक्टर
इस पोस्ट में लिखा है, ‘अनुभवी एक्टर अनुपम खेर ने कन्फर्म किया है कि उन्होंने नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में जटायु के किरदार को आवाज दी है’। इस एलान के साथ ही उन महीनों की अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि अमिताभ बच्चन जटायु की आवाज बनेंगे। मगर, अब पता चला है कि बिग बी नहीं, अनुपम खेर की आवाज दर्शक सुनेंगे। उम्मीद है कि रावण के साथ जटायु की लड़ाई फिल्म के सबसे इमोशनल और दमदार दृश्यों में से एक होगी। खबरों के मुताबिक, निर्देशक नितेश तिवारी ने इस सीन को एक अहम सिनेमैटिक पल बताया है, जिसमें अनुपम खेर की आवाज इस सम्मानित किरदार को स्क्रीन पर जीवंत कर देगी। फिल्म ‘रामायण’ दो हिस्सों में बनेगी। फिल्म में सनी देओल को हनुमान के रोल में देखा जाएगा। फिल्म का संगीत हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। रामायण का पहला भाग इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। दूसरा पार्ट अगले साल यानी 2027 में दिवाली के अवसर पर रिलीज होगा।



