दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ पर लगाई रोक, सुप्रीम कोर्ट जाएंगे निर्माता अमित जानी

उदयपुर मर्डर पर बनी फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ की रिलीज पर दिल्ली हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। अदालत के इस फैसले के बाद फिल्म निर्माता अमित जानी का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि वह इस फैसले को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट जाएंगे फिल्म निर्माता अमित जानी
अमित जानी ने एएनआई से बताया ‘हमने उनके वकील कपिल सिब्बल को यह फिल्म दिखाई। फिल्म देखने के बाद भी वह इसका विरोध कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने उनसे फीस ली है। आज अदालत ने कहा कि इस फिल्म पर रोक लगाई जाती है। हम इस फैसले को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं। उनसे कहा गया है कि वह केंद्र सरकार के पास जाएं और सरकार इस मामले पर सात दिनों में अपना फैसला देगी कि यह फिल्म सही है या गलत।’ उन्होंने आगे कहा ‘कन्हैया लाल का कत्ल तीन साल पहले कैमरे के सामने कर दिया गया था। अब तक इस मामले पर कोई भी फैसला नहीं आया है। हालांकि जो फिल्म उनका दर्द दिखा रही है उस पर तीन दिनों के अंदर बैन लगा दिया गया है।’

अगले फैसले तक लगी रहेगी फिल्म पर रोक
फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ पर तब तक रोक लगी रहेगी जब तक इस मामले पर केंद्र सरकार और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) कोई फैसला नहीं ले लेते। फिल्म के खिलाफ जमीयत उलेमा-ए-हिंद की तरफ से संशोधन आवेदन जारी किया गया है।
अदालत ने फिल्म पर रोक लगाने का फैसला जमीयत उलेमा-ए-हिंद और प्रशांत टंडन की तरफ से दायर उस याचिक पर सुनवाई करने के बाद लगाया, जिसमें उन्होंने सीबीएफसी की तरफ से फिल्म को सर्टिफिकेट देने के फैसले को चुनौती दी थी।
याचिकर्ताओं ने अपनी याचिका में तर्क दिया कि फिल्म की रिलीज से भाईचारे पर फर्क पड़ेगा और पब्लिक के लिए खतरा पैदा होगा। आपको बता दें कि फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ साल 2022 में हुए कन्हैया लाल के मर्डर पर आधारित है। कन्हैया लाल राजस्थान के उदयपुर में एक टेलर थे। उन पर इल्जाम था कि उन्होंने भाजपा की प्रवक्ता नूपुर शर्मा के सपोर्ट में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की। इसके बाद कथित तौर पर उनका कत्ल कर दिया गया था। यह फिल्म 11 जुलाई को रिलीज होने वाली थी।



