Latest newsMumbai news

एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी, पिता बाबा सिद्दीकी की भी हुई थी हत्या

एनसीपी के नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली है। जीशान को एक फोन कॉल पर धमकी दी गई। जीशान का कहना है कि उन्होंने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस के शीर्ष अधिकारियों और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी दे दी है। बीते हफ्ते भी जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली थी। वहीं साल 2024 में उनके पिता बाबा सिद्दीकी की भी हत्या कर दी गई थी। 

जीशान सिद्दीकी के फोन पर भेजा गया ऑडियो संदेश
पुलिस ने बताया कि एनसीपी के विधान परिषद सदस्य जीशान सिद्दीकी को फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर की तरफ से जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने जीशान सिद्दीकी के फोन पर ऑडियो संदेश भेजा। जीशान अख्तर फिलहाल भारत से बाहर किसी अज्ञात जगह पर रह रहा है। जीशान सिद्दीकी ने धमकी की जानकारी मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती और सीएम फडणवीस को दे दी है। जीशान सिद्दीकी को इससे पहले बीते हफ्ते भी जान से मारने की धमकी मिली थी। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जीशान अख्तर के नाम से एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, वायरल ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद जीशान सिद्दीकी की बहन बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो में जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।इससे पहले बीते साल 22 अप्रैल को भी जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली थी और यह धमकी दाऊद की डी कंपनी की तरफ से दी गई थी। उस वक्त जीशान सिद्दीकी को डी कंपनी की तरफ से एक ईमेल मिला था। पुलिस के अनुसार, ईमेल में जीशान सिद्दीकी को उनके पिता की तरह ही जान से मारने की धमकी दी गई थी। अपराधियों ने जीशान से 10 करोड़ रुपये देने की डिमांड की थी।
जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी की भी हुई थी हत्या
जीशान सिद्दीकी के 66 वर्षीय पिता बाबा सिद्दीकी की भी 12 अक्तूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में उनके बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तीन हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने कथित शूटरों और साजिशकर्ताओं समेत दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को वांछित आरोपी बनाया गया। बीते दिनों ही उसे अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। 

Related Articles

Back to top button