Latest newsSports

डाइव लगाते समय रचिन रवींद्र का कंधा खिसका, क्या भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर होंगे?

न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र के भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 सीरीज में खेलने पर संशय पैदा हो गया है। रचिन बुधवार को ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान चोटिल हो गए। शूटिंग के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश में वह असहज तरीके से सेफ्टी मैट पर गिरे, जिसके बाद उनके दाएं कंधे का जोड़ खिसक गया। शुक्रवार को डॉक्टरों ने रचिन की जांच की। जांच में कंधे में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, वह मैदान पर कब वापसी कर पाएंगे, यह शुरुआती रिहैबिलिटेशन के दौरान उनकी प्रगति पर निर्भर करेगा। ऐसे में भारत के खिलाफ सीरीज में उनकी उपलब्धता अभी तय नहीं है। न्यूजीलैंड के परफॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने रचिन की चोट को दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया। उन्होंने कहा कि इस समय टीम की प्राथमिकता रचिन को पूरी तरह ठीक करना है। सैंडल ने कहा, ‘यह वास्तव में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण चोट है। रचिन के लिए हमें बहुत निराशा हुई है और हमारी मुख्य प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह अच्छी तरह से ठीक हों और जल्द से जल्द मैदान पर लौट सकें।’ उन्होंने प्रमोशनल शूट के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जानकारी दी। सैंडल ने कहा, ‘हमारे खिलाड़ियों से जुड़े सभी व्यावसायिक शूट की गतिविधियों पर पहले से सभी पक्षों की सहमति होती है और उचित सुरक्षा उपाय मौजूद रहते हैं। यह थोड़ा असामान्य हादसा था और भविष्य में इस तरह के आयोजनों को लेकर हम अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करते रहेंगे।’
न्यूजीलैंड रचिन की वापसी में नहीं करेगा जल्दबाजी
रचिन न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम का अहम हिस्सा बन चुके हैं। वह बल्ले और गेंद दोनों से टीम को योगदान देते हैं। उन्होंने अब तक 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 759 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 69 रन है। गेंदबाजी में उनके नाम 26 विकेट हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/27 रहा है। 26 वर्षीय रचिन की गैरमौजूदगी न्यूजीलैंड के लिए भारत के खिलाफ सीरीज में बड़ा बदलाव होगी। हालांकि, टीम उनकी चोट को लेकर जल्दबाजी के मूड में नहीं है। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि अगले छह महीनों में टेस्ट क्रिकेट का व्यस्त कार्यक्रम है, इसलिए रचिन की वापसी को लेकर सावधानी बरती जाएगी। वाल्टर ने कहा, ‘अगले छह महीनों में टेस्ट क्रिकेट का काफी व्यस्त कार्यक्रम है। हम रचिन को जरूरत से पहले जल्दबाजी में वापस नहीं लाना चाहते। उनकी रिहैबिलिटेशन के मामले में वह अच्छे हाथों में हैं और हम जल्द ही उनका मैदान पर स्वागत करने की उम्मीद कर रहे हैं।’
22 अक्तूबर से शुरू होगी भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज
भारत का न्यूजीलैंड दौरा अगले महीने शुरू होना है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्तूबर को खेला जाएगा। इसके बाद बाकी चार टी20 मुकाबले होंगे। टी20 चरण के बाद दोनों टीमें वनडे और टेस्ट सीरीज में आमने-सामने होंगी। न्यूजीलैंड को अगले सप्ताह भारत के खिलाफ सीरीज के लिए अपनी टीम का एलान करना है। ऐसे में रचिन की फिटनेस पर शुरुआती रिहैबिलिटेशन के दौरान होने वाली प्रगति उनके चयन और उपलब्धता में अहम भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button