Latest newsSports

प्लेऑफ की उम्मीदों को बल देने उतरेगा केकेआर, सामने होगी रॉयल्स की चुनौती; सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

जब गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का रविवार को राजस्थान रॉयल्स से सामना होगा तो उसका लक्ष्य जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बल देना होगा। केकेआर को अब लीग चरण के चार मैच खेलने हैं। अगर टीम सभी मुकाबले जीतती है तो उसके खाते में 17 अंक हो जाएंगे और वह शीर्ष चार में आसानी से शामिल हो जाएगी।
कोलकाता को रहना होगा सावधान
केकेआर को इन चार मैच में से दो मैच घरेलू मैदान पर खेलने हैं। वह रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलने के बाद बुधवार को अपने घरेलू मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करेगा। इसके अलावा उसे 10 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (17 मई) के खिलाफ उनके मैदान पर मैच खेलने हैं। सनराइजर्स की टीम अपना उत्साह को चुकी है लेकिन बेंगलुरु की टीम शानदार फॉर्म में चल रही है और ऐसे में कोलकाता का अंतिम मुकाबला बेहद रोचक होने की संभावना है। लेकिन यह अभी बाद की बात है और केकेआर को अभी अपना ध्यान घरेलू मैदान पर होने वाले दो मैच पर केंद्रित करना होगा। राजस्थान और चेन्नई की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी हैं और ऐसे में वे बिना किसी खास दबाव के मैदान पर उतरेंगी जिससे निपटना केकेआर के लिए आसान नहीं होगा।
घरेलू मैदान पर करना होगा अच्छा प्रदर्शन
केकेआर की बड़ी चिंता घरेलू मैदान पर उनका खराब प्रदर्शन है। ईडेन गार्डंस कभी उनका गढ़ हुआ करता था, लेकिन इस बार उसने अभी तक पांच मैचों में से केवल एक जीत हासिल की है जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला था। केकेआर के स्पिनर यहां की असमान उछाल से सामंजस्य से बिठाने में नाकाम रहे हैं जबकि उसके बल्लेबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उसकी बल्लेबाजी में आक्रामकता की कमी दिख रही है जिसके दम पर उसकी टीम ने पिछले साल खिताब जीता था। पिछले सत्र में सुर्खियां बटोरने वाले फिनिशर रिंकू सिंह आठ पारियों में सिर्फ 169 रन बना पाए हैं जबकि सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने सात पारियों में 137.50 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए हैं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। लेकिन केकेआर को सबसे ज्यादा निराश वेंकटेश अय्यर ने किया है जिन्हें इस फ्रेंचाइजी ने 23.75 करोड रुपए में खरीद कर उप कप्तान नियुक्त किया था। वेंकटेश ने 10 मैचों में केवल 142 रन बनाए हैं।
कप्तान अजिंक्य रहाणे इस सत्र में केकेआर के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन वह क्षेत्ररक्षण के दौरान हाथ में लगी चोट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा- मैं ठीक हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा हूं और उम्मीद है कि मैं रविवार को मैच खेलूंगा। राजस्थान रॉयल्स का अभी तक निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। उसकी टीम ने अपने पिछले सात मैचों में केवल एक जीत हासिल की है जिससे उसकी नीलामी के दौरान अपनाई गई रणनीति की खामियां भी उजागर हो गई हैं। आईपीएल की नई सनसनी 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंद पर शतक लगाकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी तरफ खींचा था लेकिन उनसे हर समय इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है
राजस्थान रॉयल्स:
रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, क्वेन मफाका, वानिंदु हसारंगा, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, फजलहक फारूकी, संजू सैमसन।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।

Related Articles

Back to top button