‘पहलगाम हमले के चार आतंकी अब भी फरार’, ऑपरेशन सिंदूर पर बहस से पहले बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी

संसद में सोमवार जम्मू-कश्मीर में हुए पहलगाम आतंकी हमले और भारत के जवाबी सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा होनी है। इस बीच शिवसेना (उद्धव गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के खिलाफ की गई तमाम कार्रवाइयों के बावजूद पहलगाम हमले में शामिल चारों आतंकी अब भी फरार हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी जानना चाहते हैं कि खुफिया तंत्र में चूक कहां हुई। पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर का भाषण हमला होने से पहले ही हो चुका था, फिर हम सतर्क क्यों नहीं हुए? उन्होंने कहा कि हमले में लोगों को उनके धर्म पूछकर मारा गया ताकि देश में माहौल बिगाड़ा जा सके, लेकिन भारतीयों ने एकजुटता दिखाकर उस साजिश को नाकाम कर दिया।
बता दें कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ने ओवरसीज पाकिस्तानिज सम्मेलन में कहा था कि पाकिस्तान और भारत हर मामले में अलग हैं। धर्म, परंपरा, सोच और महत्वाकांक्षाएं। उन्होंने 1947 की टू-नेशन थ्योरी का जिक्र करते हुए पाकिस्तानी नागरिकों से कहा था कि वे अपने बच्चों को हिंदू-मुस्लिम के बीच अंतर सिखाएं। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भारत सरकार ने हमले के बाद कई कड़े कदम उठाए। इसके तहत सिंधु जल संधि को निलंबित किया गया, पाकिस्तानी मीडिया चैनलों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और क्रिकेटरों पर प्रतिबंध लगाया गया। व्यापार और द्विपक्षीय वार्ताएं रोकी गईं और विभिन्न देशों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल भेजे गए। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इतने कदमों के बावजूद चारों आतंकी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं, और इससे ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सवाल उठते हैं।
पी चिदंबरम के बयान पर भी दी तीखी प्रतिक्रिया
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चिदंबरम जी कई मंत्रालयों में काम कर चुके हैं, गृहमंत्री भी रह चुके हैं। भारत-पाकिस्तान के पिछले 70 वर्षों के इतिहास को देखें, तो हमें न युद्ध का सबूत चाहिए, न आतंकवाद का सब पाकिस्तान के ही कारण हुआ है। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा था कि कोई सबूत नहीं है कि हमलावर पाकिस्तान से आए थे। इस पर शिवसेना (उद्धव गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।



