Celebrity newsLatest news

होस्ट की रिक्वेस्ट पर भड़के कैलाश खेर, दो लाइन गाने से किया इनकार; कहा- ‘जोकर मत बनाइए…’

दिल्ली में 25 अप्रैल को एक समिट के दौरान यह घटना सामने आई। जब होस्ट ने कैलाश खेर से केजुअली कहा कि वो कुछ लाइन गाकर सुनाएं, तो कैलाश खेर ने मना कर दिया। इस मौके पर उन्होंने अपनी बात खुलकर रखी और कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि एक बड़ी समस्या है। कैलाश खेर ने इस आदत की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘यही मैं बदलना चाहता हूं, यही मेरे मन में है, यही बदलना है कि सिंगर को, म्यूजिक को ऐसे ना माना जाए कि ‘सर दो लाइन गा दीजिए, मूड बना दीजिए।’ यह बहुत गलत है। यह रिक्वेस्ट ही मत कीजिए।’

सचिन और जवानों का दिया उदाहरण
अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने दूसरे प्रोफेशन का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा, क्या आप सचिन तेंदुलकर से कहेंगे कि ‘जरा एक छक्का लगाकर दिखा दीजिए’? इस पृथ्वी पर कोई ऐसा नहीं करता। किसी आर्मी के जवान से नहीं कहेंगे कि ‘अपनी पोजीशन लेकर एक शॉट लगा दीजिए।’ ऐसा मत कीजिए प्लीज। कलाकार को जोकर मत बनाइए। साधक को सिर्फ मनोरंजन करने वाला मत समझिए। आर्टिस्ट साधक होते हैं, वो अपने मन के होते हैं।’

 

कैलाश खेर के बारे में 
कैलाश खेर भारत के सबसे अलग और खास आवाज वाले सिंगर्स में से एक माने जाते हैं। उनकी गायकी में सूफी, फोक और भक्ति संगीत का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है, जिसे उन्होंने बॉलीवुड में भी बहुत पॉपुलर बनाया। उन्होंने ‘अल्लाह के बंदे’ गाने से पहचान बनाई और फिर ‘तेरी दीवानी’, ‘या रब्बा’, ‘सैयां’ जैसे कई हिट गाने दिए। इसके अलावा ‘बाहुबली’ फिल्म में भी उनके गाने काफी पसंद किए गए। कैलाश खेर ने अपने करियर की शुरुआत छोटे-छोटे ऐड जिंगल्स से की थी, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपनी मेहनत और अलग अंदाज से इंडस्ट्री में खास पहचान बना ली। उन्होंने अपने बैंड ‘कैलासा’ के साथ भी कई शानदार गाने दिए हैं।

Related Articles

Back to top button