Latest newsMumbai news

ठाणे में घरेलू विवाद ने लिया खूनी मोड़, पत्नी की हत्या के आरोप में पति को किया गया गिरफ्तार

ठाणे शहर में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नरेश कमलसिंह खड़का के रूप में हुई है। उसे पनवेल (नवी मुंबई) से गिरफ्तार किया गया। यह वारदात शुक्रवार तड़के आगाखानवाड़ी स्थित दंपति के घर में हुई। नौपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अभय महाजन ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी हीमा खड़का की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस टीमों ने तलाश अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की सटीक वजह जानने के लिए आगे की जांच कर रही है।

ऑर्केस्ट्रा बार पर पुलिस का छापा, नाबालिग समेत 13 महिलाएं रेस्क्यू
ठाणे जिले में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर 13 महिलाओं को मुक्त कराया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि भायंदर ईस्ट स्थित बार में नियमों से अधिक महिलाओं को काम पर रखा गया है और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उनसे अश्लील डांस कराया जा रहा है। इसके बाद गुरुवार रात करीब आधी रात को क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने बार में महिलाओं को मंच पर प्रदर्शन करते हुए पाया। तलाशी के दौरान इमारत में एक संकरी गुप्त जगह भी मिली, जिसे अतिरिक्त महिलाओं को छिपाने के लिए बनाया गया था। पुलिस ने उस बंद जगह से छह महिलाओं और एक नाबालिग लड़की को बाहर निकाला। अधिकारी के मुताबिक, तंग और बंद जगह में होने के कारण उनकी हालत खराब हो रही थी और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
पुलिस ने कुल 13 महिलाओं को रेस्क्यू किया है। मामले में बार प्रबंधन सहित 13 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर महिलाओं की जान खतरे में डालने, असुरक्षित हालात में छिपाने और अश्लील प्रदर्शन कराने के आरोप लगाए गए हैं।

महाराष्ट्र में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, कलेक्ट्रेट का राजस्व सहायक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार 
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ( एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागपुर कलेक्ट्रेट के एक राजस्व सहायक को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरेश साधुरावजी बरवे के रूप में हुई है। आरोपी नंदनवन लेआउट का निवासी है। मिली जानकारी के अनुसार, शहर के महल इलाके में एक नजूल प्लॉट पर निर्माण कार्य होना था। इस मामले की अपील आरोपी के पास लंबित थी, जिसे वह जानबूझकर टाल रहा था। जब शिकायतकर्ता ने देरी का कारण पूछा, तो बरवे ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। शिकायत मिलने पर एसीबी ने 17 और 20 अप्रैल को मामले की पुष्टि की। जाल बिछाकर शुक्रवार को टीम ने बरवे के घर पर छापा मारा और उसे रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button