Latest newsSports

भारतीय गेंदबाजों को मुथुसामी ने किया परेशान, दक्षिण अफ्रीका के लिए ऐसा करने वाले चौथे बल्लेबाज बने

दक्षिण अफ्रीका के मध्य क्रम के बल्लेबाज सेनुरन मुथुसामी ने दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। मुथुसामी ने काइल वेरेने के साथ मिलकर रविवार को दक्षिण अफ्रीका की पारी आगे बढ़ाई और दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी कर डाली। इसके साथ ही मुथुसामी एक विशेष सूची में शामिल हो गए।
पहले सत्र में भारत को नहीं मिली सफलता
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहले सत्र पूरी तरह दक्षिण अफ्रीका के नाम रहा है और भारतीय गेंदबाज इस दौरान एक भी सफलता हासिल नहीं कर सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए मुथुसामी और वेरेने ने सातवें विकेट के लिए शानदार साझेदारी की और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज मुथुसामी ने अपनी रक्षात्मक तकनीक का शानदार नमूना पेश किया और अपने टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। विकेटकीपर बल्लेबाज वेरेने को शुरू में कुछ परेशानी हुई लेकिन इसके बाद वह अच्छी तरह से जम गए और उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए।  भारत को रवींद्र जडेजा ने काइल वेरेने को आउट कर सातवीं सफलता दिलाई। वेरेने और मुथुसामी के बीच अच्छी साझेदारी हुई और दोनों ने सातवें विकेट के लिए 88 रन जोड़े। भारत के लिए यह साझेदारी टूटना राहत की बात रही। वेरेने 45 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक लगाने से चूक गए।
भारत-पाकिस्तान और बांग्लादेश में 50+ लगाने वाले चौथे द.अफ्रीकी बल्लेबाज
मुथुसामी पहले टेस्ट मैच में नहीं खेले थ और दूसरे टेस्ट में उन्हें कॉर्बिन बॉश की जगह टीम में शामिल किया गया। मुथुसामी ने खुद को मिले इस मौके का पूरा फायदा उठाया और वह अर्धशतक लगाने में सफल रहे। बारसापाड़ा की पिच सपाट नजर आ रही है जिस पर भारत के दो स्पिनर वाशिंगटन सुंदर और जडेजा सुबह के सत्र में कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। इसका फायदा मुथुसामी ने उठाया और वह अपनी पारी के दम पर एक विशेष सूची में शामिल हो गए। मुथुसामी दक्षिण अफ्रीका के चौथे बल्लेबाज हैं जिन्होंने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में टेस्ट में 50+ स्कोर बनाया है। उनसे पहले मार्क बाउचर, ग्रीम स्मिथ और तेम्बा बावुमा ऐसा कर चुके हैं। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह गुवाहाटी टेस्ट में अब तक 26 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं। यह दूसरी बार है जब घरेलू टेस्ट मैच में बुमराह ने 20+ ओवर तक गेंदबाजी की है। इससे पहले उन्होंने 2021 में चेन्नई टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 36 ओवर तक गेंदबाजी की थी।

Related Articles

Back to top button