अदाकारा और सांसद कंगना रनौत का कहना है कि संसद में राहुल गांधी अनुशासनहीन व्यवहार करते हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कंगन रनौत का कहना है कि राहुल गांधी से संसद में महिला सांसद असहज महसूस करती हैं। कंगना ने प्रियंका गांधी के व्यवहार की तारीफ की।
‘किसी के भी साथ तू-तड़ाक करते हैं’
कंगना से पूछा गया कि, ‘ब्यूरोक्रेट्स ने एक पत्र लिखकर कहा है कि राहुल गांधी का आचरण संसद में ठीक नहीं है। उस पर आप क्या कहेंगी?’ इस पर उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल, हम महिलाओं को उन्हें देखकर बहुत असहज महसूस होता है, क्योंकि वो एकदम टपोरी की तरह आते हैं और किसी के साथ भी तू-तड़ाक करते हैं’। कंगना ने आगे कहा, ‘अगर कोई इंटरव्यू दे रहा होता है, तो वे अनुचित टिप्पणियां करके बीच में ही टोक देते हैं। जिस तरह से वे खुद को पेश करते हैं, वह बहुत ही असहज करने वाला है। उन्हें अपनी बहन को देखना चाहिए। उनसे सीखना चाहिए। प्रियंका गांधी का आचरण और व्यवहार बहुत अच्छा है, और उनमें उचित शिष्टाचार है’। बता दें कि मंगलवार को 200 से ज्यादा पूर्व ब्यूरोक्रेट्स, राजनयिकों और रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों ने एक खुला पत्र लिखकर उनके व्यवहार पर चिंता जताई। पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों ने संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शनों की आलोचना की, जिनमें सीढ़ियों पर प्रदर्शन और अनौपचारिक जमावड़े शामिल थे। उन्होंने इन्हें अनुचित और स्थापित नियमों के खिलाफ बताया। पत्र में इस बात पर जोर दिया गया कि संसद भारत का सर्वोच्च संवैधानिक मंच है। संसद परिसर के भीतर मर्यादा बनाए रखना केवल परंपरा का मामला नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र की संवैधानिक भावना का एक अनिवार्य हिस्सा है। हस्ताक्षरकर्ताओं ने तर्क दिया कि विचाराधीन आचरण ने स्पीकर द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन किया है और राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की है।