
नागपुर के कलमना इलाके में बुधवार रात गश्त के दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वह घायल हो गए। हमलावर मौके से उनकी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर सचिन वाकलेकर ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर पूछताछ करनी चाही। इसी दौरान आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। हमले में वाकलेकर के कंधे पर चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।



