महंगाई पर ट्रंप के बेतुके बोल, कहा- मुझे इससे प्यार; जंग के बीच होर्मुज से जुड़े दावे ने भी चौंकाया

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को महंगाई को लेकर एक ऐसा बयान दिया जिसने सबको हैरान कर दिया। उन्होंने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताने के बजाय कहा कि उन्हें इससे प्यार है। मई महीने की नई रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पिछले साल के मुकाबले 4.2 प्रतिशत बढ़ गया है। यह अप्रैल 2023 के बाद महंगाई का सबसे ऊंचा स्तर है। हैरानी की बात यह है कि ट्रंप ने इस बार महंगाई को विरोधियों का फैलाया हुआ झूठ नहीं बताया। उन्होंने यह दावा भी नहीं किया कि वह रहने के खर्च को कम कर रहे हैं। इसके उलट, उन्होंने बढ़ते आंकड़ों की तारीफ करते हुए कहा, ‘आप जानते हैं मुझे वास्तव में क्या पसंद है? मुझे महंगाई से प्यार है।’ ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब नवंबर में होने वाले चुनाव में अर्थव्यवस्था एक बड़ा मुद्दा है। जनता इस मामले में ट्रंप को कम अंक दे रही है। ट्रंप के इस बयान के कुछ ही मिनटों बाद विपक्षी डेमोक्रेट्स ने इसे सोशल मीडिया पर फैलाना शुरू कर दिया। सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने कहा कि ट्रंप का जनता के प्रति तिरस्कार की कोई सीमा नहीं है। वहीं, हकीम जेफरीज ने तंज कसा कि ट्रंप को महंगाई से उतना ही प्यार है जितना वह खुद से करते हैं।



