अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईथा’ का टीजर ऑनलाइन लीक हो गया है। इंटरनेट पर इसके वीडियोज वायरल हो रहे हैं। दरअसल, हुआ यह है कि फिल्म का टीजर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ के साथ अटैच किया गया है, जो आज शुक्रवार को सिनेमाघरों में लगी है। अब आलम यह है कि ‘कॉकटेल 2’ से ज्यादा चर्चा ‘ईथा’ के टीजर की हो रही है।
श्रद्धा ने फिर छोड़ा अदाकारी का असर
‘कॉकटेल 2’ के साथ मेकर्स ने ‘ईथा’ का टीजर जोड़ दिया। अब इसके वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं और लोगों के खूब रिएक्शन भी आ रहे हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर दिग्गज मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभाती दिखी हैं। ‘स्त्री’ से बॉक्स ऑफिस पर झंडा लहराने वाली श्रद्धा एक बार फिर अपनी अदाकारी का असर छोड़ती दिखी हैं। फिल्म के टीजर में श्रद्धा को स्टेज परफॉर्मेंस करते दिखाया गया है। स्क्रीन पर श्रद्धा कपूर की उपस्थिति और विजुअल्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। टीजर में श्रद्धा कपूर की जो झलक है, उसमें वे गर्भावस्था में बेबी बंप के साथ दिख रही हैं। फिर, बच्चे के जन्म के कुछ ही पलों बाद स्टेज पर लौटने की तैयारी कर रही हैं। इस सीन ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा छेड़ दी है। टीजर में श्रद्धा कपूर के डायलॉग भी दमदार हैं।