फिल्ममेकर रोहित शेट्टी एक बार फिर चर्चा में हैं। जुहू स्थित उनके घर पर फायरिंग की घटना के कुछ ही महीनों बाद रोहित को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से एक नई धमकी मिली है। खबरों के मुताबिक, गैंग फिल्ममेकर से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग कर रहा है। यह धमकी एक ऑडियो क्लिप के जरिए दी गई, जिसमें आरोपी ने साफ कहा कि अगर रोहित मांगी गई रकम नहीं देते हैं, तो इस बार उन्हें सीधे निशाना बनाया जाएगा।
20 करोड़ रुपए मांगी रंगदारी
आईएनएस के मुताबिक, ऑडियो क्लिप में फिल्ममेकर के लिए और भी डरावनी और सीधी चेतावनी थी। आरोपी ने कहा कि रोहित शेट्टी के जुहू वाले घर पर हुई फायरिंग तो बस आने वाली घटना की एक झलक थी। उन्होंने साफ कर दिया कि अगर डायरेक्टर इस बार उनकी मांगें नहीं मानते हैं, तो गोलियां उनकी प्रॉपर्टी पर नहीं, बल्कि सीधे उन पर चलाई जाएंगी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ऑडियो क्लिप के जरिए रोहित को कड़ी चेतावनी दी है और 20 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर गंभीर नतीजे भुगतने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला शनिवार सुबह सामने आया जब शेट्टी के स्टाफ को लगभग 90 सेकंड की एक ऑडियो क्लिप मिली। जांच करने वालों का मानना है कि क्लिप में सुनाई दे रही आवाज शुभम लोनकर की है, जो लॉरेंस बिश्नोई का करीबी साथी है और पहले से ही एक वांटेड अपराधी है।