‘सुबह का नाश्ता हल्का करें, दोपहर तक पाचन होता है कमजोर’, डॉ. मेहता ने दिए सेहतमंद जीवन के टिप्स

साल 2025 के पहले अमर उजाला संवाद का आगाज हो चुका है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमर उजाला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई है। अमर उजाला के इस वैचारिक संवाद कार्यक्रम में कला, मनोरंजन, शिक्षा, राजनीति, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी देश की जानी मानी शख्सियत, विचारक और विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। डॉ.मेहता प्रसिद्ध स्वास्थ्य गुरु और कॉर्पोरेट लाइफ कोच हैं और वे फिट इंडिया मूवमेंट के एंबेसडर भी रहे हैं। उन्हें मेडिसिन अल्टरनेटिव इंटरनेशनल से हॉलिस्टिक हेल्थ और लाइफ साइंसेज में मानद डबल डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त है। अच्छी सेहत के लिए खान-पान और दिनचर्या कैसी होनी चाहिए, इस विषय पर चर्चा के दौरान डॉ. मिकी ने कहा, अच्छी सेहत को लेकर चर्चा रहती है कि नाश्ता हैवी होना चाहिए, पर असलियत है कि नाश्ता हमेशा हल्का और पौष्टिक होना चाहिए। नाश्ते में हरी सब्ते में हरी-सब्जियां, फल होने चाहिए। कोशिश करें कि नाश्ता 10 बजे के बाद करें। इससे पहले हर्बल टी-पानी पीजिए। नाश्ता तगड़ा होना चाहिए, यह बहुत बड़ा मिथ है। सुबह छह से 10 तक कफ काल और सुबह 10 से दोपहर दो तक पित्त काल होता है। कफ काल के दौरान खाने से बचना चाहिए।
हंसना भी स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है। हंसते-हंसते जीवन को स्वस्थ और फिट रखा जा सकता है। डॉ. मिकी मेहता ने कहा कि सुबह का समय आपके हाथ में है। एक बार आप बाहर निकल गए तो शायद नियंत्रण से छूट जाए। पर सुबह आपके हाथ में हैं। अगर सुबह उठते ही यम, नियम, आसन, प्रयाध्यन, ध्यान आदि चीजों की दिनचर्या रखेंगे तो आप योगी बन सकते हो। योगी होकर भी आप सांस्कारिक जीवन जी सकते हो।
सेलिब्रिटीज को हेल्थ ट्रेनिंग
डॉ. मिकी बताते हैं, मैंने कई सेलिब्रिटीज को फिटनेस-हेल्थ की ट्रेनिंग दी है। जब आमिर खान को ट्रनिंग दे रहा था, उनके साथ बेहतर अनुभव रहा है। उन्हें स्विमिंग के जरिए फिटनेस ट्रेनिंग दी जाती थी। स्विमिंग पूल में पहले उन्हें बैरल में ट्रेनिंग दी जाती थी ताकि तैराकी के दौरान सांस पर नियंत्रण रखा जा सके। वो न सिर्फ अपने फिटनेस को लेकर बहुत एक्टिव हैं, साथ ही उनमें सीखने की ललक भी थी। डॉ मिकी ने बताया कि उन्होंने प्रियंका चोपड़ा को भी फिटनेस की ट्रेनिंग दी है।



