Latest newsSports

‘काम अभी अधूरा है…’, आरसीबी के खिलाफ फाइनल मैच से पहले श्रेयस ने भरी हुंकार; पोंटिंग को सराहा

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना है कि उनका काम अभी अधूरा है क्योंकि टीम ने अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। श्रेयस ने क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई थी। अब पंजाब का मंगलवार को फाइनल में सामना आरसीबी से होगा। श्रेयस ने पिछले साल अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को खिताब दिलाया था और अब वह पंजाब को पहली ट्रॉफी दिलाने के प्रयास में हैं।
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं श्रेयस 
श्रेयस ने आईपीएल के इस सत्र में करीब 176 की स्ट्राइक रेट से छह अर्धशतक समेत 16 पारियों में 603 रन बनाए हैं। श्रेयस ने फाइनल से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, टीम के लिए मैच जीतना सबसे अच्छा अहसास है और दबाव के हालात में तो मैं इसे (मुंबई के खिलाफ) अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी कहूंगा। मैं हालात के अनुरूप खेलने की कोशिश करता हूं और ज्यादा आगे की नहीं सोचता। अगर मैं लक्ष्य का पीछा कर रहा हूं तो जरूरी रनरेट देखता हूं और यह कि विकेट कैसा है और कौन से गेंदबाज आने हैं। इसके आधार पर ही मैं रणनीति बनाता हूं और मैच को आखिर तक ले जाने की कोशिश करता हूं। श्रेयस ने कहा कि काम अभी आधा हुआ है लिहाजा रविवार को उनका जश्न मनाने का मन नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘अभी काम पूरा नहीं हुआ है। हमें कल एक और मैच खेलना है। मैं यही सोच रहा हूं कि अभी काम अधूरा है। मुझे कल फिर खेलना है।’ उन्होंने कहा कि टीम में बाकी खिलाड़ियों के योगदान से उन्हें खुलकर खेलने में मदद मिली। पंजाब के कप्तान ने कहा, कप्तान का काम अपने खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराना है। हमने टूर्नामेंट में अच्छी शुरूआत की और उस लय को बनाए रखा। इसमें सभी ने योगदान दिया। अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग की तारीफ करते हुए कहा, वह शानदार कोच हैं और वह सभी को बराबरी से देखते हैं। इससे हर खिलाड़ी का मनोबल बढता है, चाहे जूनियर हो या सीनियर। इससे उन्हें खुलकर खेलने की आजादी मिलती है।

Related Articles

Back to top button