Latest newsUncategorized

आठ दिन बाद पति का शव मिला, पत्नी अभी भी लापता; इंदौर से गए जोड़े के मामले में कब-क्या हुआ?

मध्य प्रदेश के इंदौर से हनीमून मनाने के लिए मेघालय पहुंचे एक जोड़े के लापता होने का मामला चर्चा में है। 23 मई को जब यह जोड़ा लापता हुआ, तब माना जा रहा था कि मेघालय के सोहरा क्षेत्र में घने जंगलों और कम आबादी की वजह से पति-पत्नी की खोज-खबर नहीं मिल पा रही है। अब यह मामला और उलझ गया है। लापता युवक का शव दो जून (सोमवार) को 150 फीट गहरी खाई में मिला। युवक की पत्नी अभी भी लापता है। 12 दिन से मामले की जांच में जुटी मेघालय पुलिस भी गुत्थी को सुलझा नहीं पाई है। पुलिस और सरकार का कहना है कि जोड़े के लापता होने वाली जगह पर कठिन चढ़ाई और पूरे क्षेत्र में खराब मौसम ने खोज अभियान को काफी मुश्किल कर दिया है।
मौत की जानकारी के बाद उलझ गया केस?
इंदौर के इस जोड़े के लापता होने का केस राजा का शव मिलने के बाद और उलझ गया। दरअसल, भारी बारिश के बीच मेघालय पुलिस ने ड्रोन्स के जरिए राजा का शव ढूंढा। उनका शव बुरी तरह सड़ चुका था और चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। परिजनों ने एक टैटू के जरिए शव की पहचान की। हालांकि, राजा के शव के आसपास खोजबीन पर भी सोनम का कुछ पता नहीं चला। परिजनों का कहना था कि अगर सोनम सुरक्षित होती तो खुद ही किसी से संपर्क करती, लेकिन उसका कोई पता नहीं है। इतना ही नहीं राजा का शव वोइसाडोंग नाम की जगह पर मिला। इस खोज अभियान में एसडीआरएफ, स्पेशन ऑपरेशन टीम और एक माउंटेनियरिंग क्लब भी शामिल था। वोइसाडोंग में जहां शव मिला, वह जगह राजा-सोनम की तरफ से किराए पर ली गई स्कूटी की लोकेशन से 25 किलोमीटर की दूरी है। यह फासला मामले में और शक बढ़ाने वाला बना। राजा के शव के पास से न उनका मोबाइल मिला, न पर्स, और न ही राजा की पहनी सोने की चेन और अंगूठी। सिर्फ उसकी स्मार्टवॉच ही कलाई पर बंधी मिली।
राजा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ सनसनीखेज खुलासा
राजा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। लाश को खाई में फेंकने से शरीर की हड्डियां भी टूट गई थीं। शिलॉन्ग एसपी विवेक सिम ने इसकी पुष्टि की। पुलिस को घटनास्थल से ही राजा की हत्या में इस्तेमाल हथियार- डाओ भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। इसके अलावा फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने आसपास के इलाकों में भी खोज जारी रखी है। पुलिस के मुताबिक, यह डाओ एकदम नई लग रही है, जिससे अंदेशा है कि इसे हत्या के इरादे से ही खरीदा गया होगा। इस बीच इस जोड़े की तरफ से परिवार को किए गए एक फोन कॉल के जरिए जांचकर्ता मामले में सबूत जुटाने की कोशिश में हैं। इस फोन कॉल में पहले सोनम को राजा की मां से बात करते सुना गया। इसके बाद खुद राजा ने भी अपनी मां से बात की।

Related Articles

Back to top button